England Vs Pakistan: इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीता एजबेस्टन टेस्ट, सीरीज में किया 3-0 से क्लीन स्वीप, सचिन से आगे निकले रूट

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। इंग्लैंड ने एजबेस्टन टेस्ट में पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही मेजबान इंग्लैंड ने सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। इंग्लैंड को चौथी पारी में जीत के लिए 130 रन की जरूरत थी, जिसे उसने 25वें ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान जो रूट 62 और जॉर्डन कॉक्स 59 रन बनाकर नाबाद रहे।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान की पहली पारी केवल 133 रन पर सिमट गई। टीम के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक छू सके। सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। वहीं इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 453 रन बनाए। टीम से हैरी ब्रूक, डैन लॉरेंस, जेमी स्मिथ और ओली रॉबिन्सन ने अर्धशतक ठोके। पाकिस्तान की ओर से रजाउल्लाह ने 4 विकेट झटके। इस तरह पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड टीम को 320 रन की बढ़त मिली।
दूसरी पारी में पाकिस्तान ने अपने 8 विकेट 320 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद डेब्यू कर रहे रजाउल्लाह ने 63 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में नौ छक्के लगाए। उन्होंने मोहम्मद अब्बास के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। अब्बास ने 42 रन बनाए। दोनों की इन पारियों की बदौलत पाकिस्तान ने 449 रन बनाए। इन दोनों के अलावा पाकिस्तान की ओर से अवैश ने 59, बाबर आजम ने 76 और शान मसूद ने 95 रन की पारी खेली।
130 रन के टारगेट का पीछा कर रही इंग्लैंड टीम की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर में ही टीम ने अपने दोनों ओपनर बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रूट और कॉक्स ने पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 128 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।
सचिन से आगे निकले जो रूट
रूट का यह टेस्ट क्रिकेट में 69वां अर्धशतक था। इसी के साथ उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। वह अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। सचिन के टेस्ट क्रिकेट में 68 अर्धशतक हैं। तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपाल (66), चौथे स्थान पर एलन बॉर्डर और राहुल द्रविड़ (63) संयुक्त रूप से हैं। पांचवे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (62) है।
Created On :   13 Sept 2026 12:58 AM IST













