IND Vs NZ 1st T20: पहले टी20 में भारत की ऐतिहासिक जीत, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से दी मात, संजू की फिफ्टी, नमनधीर ने खेली तूफानी पारी

पहले टी20 में भारत की ऐतिहासिक जीत, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से दी मात, संजू की फिफ्टी, नमनधीर ने खेली तूफानी पारी
भारत ने पहले टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

डिजिटल डेस्क, क्राइस्टचर्च। भारत ने पहले टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। क्राइस्टचर्च में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन बनाए, जो कि भारत के खिलाफ उसका टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर है।

226 रन के विशाल टारगेट को टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 230 रन बनाकर हासिल कर लिया। यह टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2019 में हैदराबाद टी20 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 208 रन का टारगेट हासिल किया था।

संजू सैमसन की तूफानी पारी

इतने बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को ओपनिंग जोड़ी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 35 गेंदों पर 93 रन जोड़े। टीम को पहला झटके अभिषेक शर्मा के रूप में लगा। वह 12 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। संजू सैमसन एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में सफल रहे, उन्होंने 33 गेंदों पर 8 चौके व 4 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए।

93 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया ने 29 रन के अंदर भारतीय टीम ने अपने तीन और विकेट गंवा दिए।

122 रन पर 4 विकेट गंवाकर टीम इंडिया संकट में फंसी नजर आ रही थी। ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले अक्षर पटेल और फिर नमन धीर के साथ मिलकर पारी को संभाला।

नमनधीर ने छक्का लगाकर जिताया

कप्तान अय्यर ने आउट होने से पहले 28 गेंदों पर 42 रन की पारी खेली। वहीं नमन धीर 15 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके व 2 छक्के जड़े। नमन ने छक्का लगाकर टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई। न्यूजीलैंड की ओर से माईकल ब्रेसवेल और मिचेल सैंटनर ने 2-2 विकेट झटके।

भुवनेश्वर रहे फ्लॉप

इससे पहले न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 82 रन की पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों पर 8 चौके व 3 छक्के लगाए। उनके अलावा फिन ऐलेन ने 24 गेंदों पर 45 और बेवॉन जैकब्स ने 16 गेंदों पर 31 रन बनाए।

चार साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे भुवनेश्वर कुमार काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 49 रन दिए और कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। बेवॉन जैकब्स के रूप में न्यूजीलैंड का एक बैटर रन आउट हुआ।

Created On :   22 Oct 2026 4:43 PM IST

Tags

Next Story