IND Vs WI 2nd T20: दूसरे टी-20 में टीम इंडिया की शर्मनाक हार, वेस्टइंडीज ने 9 गेंद शेष रहते चेज किया 250 रन का टारगेट, शाई होप का तूफानी शतक

दूसरे टी-20 में टीम इंडिया की शर्मनाक हार, वेस्टइंडीज ने 9 गेंद शेष रहते चेज किया 250 रन का टारगेट, शाई होप का तूफानी शतक
वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ मेहमान टीम ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। लखनऊ में खेला गया पहला मैच भारत ने जीता था। सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर में 11 अक्टूबर को खेला जाएगा।

डिजिटल डेस्क, रांची। वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ मेहमान टीम ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। लखनऊ में खेला गया पहला मैच भारत ने जीता था। सीरीज का तीसरा मुकाबला इंदौर में 11 अक्टूबर को खेला जाएगा। रांची में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 249 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 250 रन का विशाल टारगेट हासिल कर लिया।

भारत के द्वारा दिए गए 249 रन का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम को शुरुआत में झटके लगे लेकिन शाई होप ने टीम को संभाला। उन्होंने 45 गेंदों में 102 रन की शतकीय पारी खेली। शेरफेने रदरफोर्ड ने 37 गेंदों में 84 रन बनाए। उसके बाद रोमारियो शेफर्ड ने मैदान पर आते ही चौके छक्के लगाने लगे। रोमारियों ने 13 गेंद पर 34 रन बनाए।

वेस्टइंडीज के तीन बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड और शाई होप ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। अक्षर ने 3.3 ओवर में 63 रन, वहीं कुलदीप ने 4 ओवर में 53 रन लुटा दिए। नमन धीर से लेकर शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह और मयंक यादव, जो भी आया उसे बहुत मार पड़ी। सभी भारतीय गेंदबाजों का इकोनॉमी रेट 11 से ऊपर रहा।

मुकाबले में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 20 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद आए ईशान किशन ने 22 गेंद में 43 रन की पारी खेली। अय्यर ने 18 गेंद में 40, तिलक ने 18 गेंद में 44 रन बनाए। इन्हीं बल्लेबाजों की बदौलत टीम इंडिया 249 के स्कोर तक पहुंची।

Created On :   9 Oct 2026 10:52 PM IST

Tags

Next Story