KKR Playoff Scenario: 7 मैचों में सिर्फ एक जीत...इसके बावजूद भी प्लेऑफ में जगह बना सकती है KKR, जानें समीकरण

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में रविवार केकेआर और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला गया है। लंबे इंतजार के बाद कोलकाता को इस सीजन की पहली जीत नसीब हुई। 28 मार्च से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कोलकाता के एक के बाद एक हार का सामना करना पड़ा था। आखिरकार राजस्थान के खिलाफ टीम को 4 विकेट से रोमांचक जीत नसीब हुई। टीम 7 मैचों में 5 हार, 1 जीत और 1 ड्रॉ के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर मौजूद है।
टीम के 3 अंक हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वो प्लेऑफ में जगह बना सकती है। यदि हां, तो कितना मुश्किल है उसके प्लेऑफ में जाने का समीकरण? आइए जानते हैं...
केकेआर के प्लेऑफ का समीकरण
कोलकाता का पंजाब के खिलाफ खेला गया एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसके बाद उसे एक अंक मिला था। अब राजस्थान के खिलाफ मिली जीत के बाद उसके टोटल 3 अंक हो गए हैं। आईपीएल में लीग स्टेज में हर एक टीम 14 मुकाबले खेलती है। इसका मतलब कोलकाता के अभी 7 मैच और बचे हैं।
अगर वह अपने बाकी बचे 7 मुकाबले जीतती है, तो उसके 17 अंक हो जाएंगे और अभी तक के आईपीएल के इतिहास को देखें तो 16 अंक प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए काफी होते हैं। अगले अपने सातों मैच जीतकर कोलकाता 16 अंक से आगे निकल जाएगी। पिछले आईपीएल को देखें तो पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर काबिज मुंबई टीम 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंची थी। इसलिए अपने अगले सभी मैच जीतकर कोलकाता बिना किसी पर निर्भर रहकर अंतिम-4 में पहुंच सकती है।
टीम अगर सभी मैच नहीं जीती तो?
यदि कोलकाता अपने सभी मुकाबले नहीं जीती तो फिर क्या होगा? यदि कोलकाता अपने 7 मैचों में से 6 जीतती है तो उसके फिर 15 अंक हो जाएंगे। ऐसे में उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर रहना होगा। वहीं अगर वह 7 में से 5 मैच जीती तो उसके 13 अंक रह जाएंगे और फिर उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बेहद कम हो जाएगी।
Created On :   20 April 2026 1:11 AM IST






