Cricket News: बीसीसीआई का बड़ा फैसला, अगरकर का बढ़ाया कार्यकाल, 2027 वनडे वर्ल्डकप तक बने रहेंगे चीफ सिलेक्टर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर का कार्यकाल बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। अब वे 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्डकप तक यह पद संभालेंगे। BCCI के एक सीनियर ऑफिसर के हवाले से न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया कि अगरकर का कार्यकाल आगे बढ़ा दिया गया है। यह फैसला उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर लिया गया है।
बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक, सिलेक्टर ज्यादा से ज्यादा चार साल तक पद पर रह सकता है। इससे पहले मीडिया में दावा किया गया था कि अगरकर ने खुद बीसीसीआई से अपना कार्यकाल 2027 वनडे वर्ल्डकप तक बढ़ाने की गुजारिश की थी।
यह भी पढ़े -महिला टी20 वोल्वार्ड्ट-लुस के बीच शतकीय साझेदारी, भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने बनाई 2-0 से लीड
चार साल तक रहेंगे चीफ सिलेक्टर
अगरकर को साल 2023 में बीसीसीआई ने प्रमुख चयनकर्ता (चीफ सिलेक्टर) बनाया था। 2025 में उन्हें एक साल का एक्सटेंशन मिल चुका था। अब उनका कार्यकाल 2027 तक और बढ़ा दिया गया है। इस तरह वह इस पद पर चार तक बने रहेंगे।
कार्यकाल में भारत ने तीन ICC ट्रॉफियां जीतीं
अगरकर के अभी तक के कार्यकाल पर नजर डालें तो वह काफी सफल रहा है। उनके कार्यकाल में भारत ने तीन आईसीसी टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। इनमें से तीन में उसने जीत हासिल की जबकि एक में उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत ने साल 2024 में टी20 वर्ल्डकप, 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 में टी20 वर्ल्डकप जीता। 2023 के वनडे वर्ल्डकप फाइनल में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
आलोचनाओं का शिकार भी हुए
अगरकर के नेतृत्व वाली चयन समिति ने इस दौरान कई ऐसे फैसले लिए, जिसकी वजह से उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इन फैसलों में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का टेस्ट से संन्यास लेना और सीनियर गेंदबाज मोहम्मद शमी को टीम से ड्रॉप करना शामिल है। इसके साथ ही टी20 वर्ल्डकप 2026 में भारत के टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को ड्रॉप करके ईशान किशन को टीम में शामिल करना भी शामिल है।
Created On :  
