Bihar Murder Case: बिहार के पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या, डायन बताकर जिंदा जलाया, तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना

- बिहार के पूर्णिया से सामने आया दिल दहलाने वाला मामला
- एक परिवार के 5 लोगों को जिंदा जलाया
- आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के पूर्णिया जिले में उरांव जाति के 5 लोगों को डायन बताकर पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर उन्हें अधमरी हालत में जिंदा जला दिया। मरने वालों में तीन महिलाएं और दो पुरुष हैं। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रजीगंज पंचायत के टेटगामा वार्ड में रविवार देर रात हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है, लोगों में डर का माहौल है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलती ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शवों को छिपा दिया था। पुलिस ने डॉग स्कवाड और एफएसएल की सहायता से शवों को खोजा और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पूर्णिया के सदर एसडीओपी पंकज शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि इस मामले अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि सभी पांच मृतकों के शव प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि एक भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा।
50 लोगों ने दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक इस हत्याकांड को गांव के 50 से ज्यादा लोगों ने अंजाम दिया। इसके बाद उन्होंने जले हुए शवों को जलकुंभी में छिपा दिया था। पुलिस ने सभी शवों की बरामदी कर ली है। बताया जा रहा है कि गांव के रामदेव उरांव का एक बेटा बहुत दिनों से बीमार था। ग्रामीणों को शक था कि बाबूलाल उरांव की पत्नी सीता देवी डायन है और उसी की वजह से लड़के की बीमारी ठीक नहीं हो रही है।
इस वजह से सीता समेत उसके पति बाबू लाल उरांव, मां कातो देवी, बेटा मनजीत कुमार और बहू रानी देवी को पहले मार-मार कर अधमरा कर दिया। फिर पूरे घर में आग लगाकर उन्हें जिंदा जला दिया गया।
तेजस्वी यादव ने सरकार पर साधा निशाना
चुनावी राज्य बिहार में बीते कुछ दिनों में बड़ी आपराधिक घटनाएं हुई हैं। ऐसे में विपक्ष राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहा है। पूर्णिया में हुई इस दिल दहलाने वाली घटना पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों को जिंदा जलाकर मार दिया। DK Tax के कारण बिहार में अराजकता चरम पर, DGP/CS बेबस, कानून व्यवस्था ध्वस्त। परसों सिवान में 3 लोगों की नरसंहार में मौत। विगत दिनों बक्सर में नरसंहार में 3 की मौत। भोजपुर में नरसंहार में 3 की मौत। अपराधी सतर्क, मुख्यमंत्री अचेत भ्रष्ट भूंजा पार्टी मस्त, पुलिस पस्त! DK की मौज क्योंकि DK ही असल बॉस।'
Created On :   7 July 2025 8:10 PM IST