Satna News: हनीट्रैप गैंग के दोनों मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल, तीन आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस ने जब्त किए मोबाइल

हनीट्रैप गैंग के दोनों मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल, तीन आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस ने जब्त किए मोबाइल
मैहर जिले की कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप गैंग के 2 अहम किरदारों को चौबीस घंटे के अंदर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, तो वहीं 3 फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से प्रारंभ कर दी है।

Satna News: मैहर जिले की कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप गैंग के 2 अहम किरदारों को चौबीस घंटे के अंदर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, तो वहीं 3 फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से प्रारंभ कर दी है। टीआई अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि शिवशंकर पुत्र रामबहोरी गुप्ता 32 वर्ष, निवासी भदनपुर, थाना बदेरा, की दोस्ती इंस्टाग्राम पर कुछ दिन पहले मानसी उर्फ गोल्डी पुत्री रामकिशोर नामदेव 27 वर्ष, निवासी घुरपुरा-मैहर, से हो गई थी, जिसने 3 फरवरी को मिलने के लिए युवक को मैहर बुलाया और कुछ देर तक इधर-उधर घुमाने के बाद किराये के फ्लैट पर ले गई, जहां पहले से उसके साथी विक्की उर्फ विवेक पुत्र मनीराम गुप्ता 32 वर्ष, निवासी लटागांव, थाना बदेरा, माचू उर्फ मनोज निवासी न्यू अरकंडी, दुलीचंद निवासी उदयपुर और एक अन्य युवक आ धमके।

पासवर्ड बताने पर किया मजबूर ---

सभी आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए कपड़े उतारकर वीडियो बनाया और झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देते हुए 1 लाख रुपए मांगे। इतना ही नहीं जबरन ऑनलाइन ऐप का पासवर्ड पता कर 56 हजार रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर भी कर लिए। कई घंटों तक युवक को बंधक बनाए रखने के बाद देर रात शिकायत न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

चौबीस घंटे में दोनों को पकड़ा ---

पीडि़त ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर कोतवाली में शिकायत की, जिस पर बीएनएस की धारा 308(5), 296(ए), 115(2), 35(1) और 3/5 के तहत कायमी कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। चौबीस घंटे के अंदर दोनों मुख्य आरोपियों मानसी नामदेव और विक्की उर्फ विवेक को गिरफ्तार करते हुए दोनों के फोन जब्त कर लिए गए। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी विक्की गुप्ता के खिलाफ बदेरा और मैहर थाने में मारपीट, रंगदारी, शराब तस्करी के 11 अपराध पूर्व से दर्ज हैं, उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी चल रही है। जबकि महिला अपने पति को छोड़ चुकी है, उसने गुजारा-भत्ता का केस भी दायर कर रखा है। विक्की और मानसी की काफी समय से जान-पहचान और करीबी रिश्ते हैं, इन्होंने ही हनीट्रैप का पूरा प्लान बनाया था।


Created On :   6 Feb 2026 6:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story