Dev Deepawali 2026: देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी, जानें गंगा स्नान, दीपदान का शुभ मुहूर्त, धार्मिक महत्व और पूजा विधि

देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी, जानें गंगा स्नान, दीपदान का शुभ मुहूर्त, धार्मिक महत्व और पूजा विधि
इस खास अवसर पर गंगा स्नान, दीपदान और भगवान शिव की पूजा करने का विशेष महत्व है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिंदू धर्म में देव दीपावली का पर्व बेहद खास और पवित्र माना जाता है। देव दीपावली को देवताओं की दीपावली भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन सभी देवी-देवता धरती पर उतरकर भगवान शिव की नगरी काशी में दीपोत्सव मनाते हैं। इस खास अवसर पर गंगा स्नान, दीपदान और भगवान शिव की पूजा करने का विशेष महत्व है। वाराणसी के गंगा घाटों पर लाखों दीप जलाए जाते हैं, जिससे पूरी काशी रोशनी से जगमगा उठती है। हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाने वाला यह त्योहार इस बार 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा। आइए जानते हैं देव दीपावली का शुभ मुहूर्त, गंगा स्नान का महत्व, दीपदान की विधि और इस पर्व से जुड़ी खास धार्मिक मान्यताएं।

तिथि कब से कब तक

पूर्णिमा तिथि आरंभ: 23 नवंबर 2026, सोमवार, की रात 11 बजकर 42 मिनट से

पूर्णिमा तिथि समापन: 24 नवंबर 2026, मंगलवार की रात 8 बजकर 23 मिनट तक

देव दीपावली पर गंगा स्नान और दीपदान का महत्व

कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करना बेहद पुण्यकारी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने से व्यक्ति के पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। देव दीपावली के दिन श्रद्धालु सुबह सूर्योदय से पहले उठकर गंगा नदी में स्नान करते हैं। अगर किसी कारणवश गंगा नदी तक जाना संभव नहीं है, तो घर पर नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है।

वहीं इस दिन दीपदान करना सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक परंपराओं में से एक है। मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है। इस दिन श्रद्धालु गंगा नदी के किनारे, मंदिरों, घरों और तुलसी के पौधे के पास मिट्टी के दीपक जलाते हैं। कई लोग आटे के दीपक बनाकर भी जल में प्रवाहित करते हैं। काशी में देव दीपावली का नजारा बेहद अद्भुत होता है।

देव दीपावली पर गंगा स्नान और दीपदान का शुभ मुहूर्त

• ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 05:03 बजे से 05:57 बजे तक

• प्रातःकालीन स्नान व पूजा: ब्रह्म मुहूर्त के बाद सुबह 07:47 बजे तक

• संध्या दीपदान मुहूर्त: शाम 05:08 बजे से 07:47 बजे तक

देव दीपावली पर कैसे करें पूजा?

देव दीपावली के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें, संभव हो तो पवित्र नदी में स्नान करें।

स्नान के बाद तांबे के लोटे से सूर्य देव को जल अर्पित करें और सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।

घर के मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा या शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, फूल और अक्षत अर्पित करें।

दीप, धूप, फल और मिठाई चढ़ाकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान करें।

शाम के समय तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाएं।

शाम को प्रदोष काल में गंगा नदी के किनारे दीप जलाकर मां गंगा की आराधना करें।

पूजा के बाद भगवान शिव और मां गंगा की आरती करें।

जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करें।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :  

Tags

Next Story