Guru Nanak Jayanti 2026: जानिए गुरु नानक जयंती को क्यों कहा जाता है प्रकाश पर्व, क्या है इस दिन का महत्व?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सिख धर्म के सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक गुरु नानक जयंती (Guru Nanak Jayanti) का पर्व हर साल बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसे गुरुपर्व और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के नाम से भी जाना जाता है। यह दिन सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दिन देश-विदेश के गुरुद्वारों में विशेष सजावट की जाती है। श्रद्धालु गुरबाणी का पाठ करते हैं, कीर्तन में शामिल होते हैं और लंगर सेवा के जरिए मानवता की मिसाल पेश करते हैं। आइए जानते हैं साल 2026 में गुरु नानक जयंती कब है, इसका धार्मिक महत्व क्या है और यह पर्व किस तरह मनाया जाता है।
तिथि कब से कब तक
पूर्णिमा तिथि आरंभ: 23 नवंबर 2026, सोमवार, की रात 11 बजकर 42 मिनट से
पूर्णिमा तिथि समापन: 24 नवंबर 2026, मंगलवार की रात 8 बजकर 23 मिनट तक
प्रकाश पर्व 2026 कब है? इस साल गुरु नानक जयंती 24 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी
यह भी पढ़े -देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी, जानें गंगा स्नान, दीपदान का शुभ मुहूर्त, धार्मिक महत्व और पूजा विधि
कौन थे गुरु नानक देव जी?
गुरु नानक देव जी सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु थे। उनका जन्म वर्ष 1469 में वर्तमान पाकिस्तान के ननकाना साहिब में हुआ था। उनके पिता का नाम मेहता कालू और माता का नाम माता तृप्ता था। बचपन से ही उनका झुकाव आध्यात्मिकता और ईश्वर की भक्ति की ओर था। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन में लोगों को समझाया कि ईश्वर एक है और वह हर जगह मौजूद है। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच, छुआछूत और धार्मिक भेदभाव का विरोध किया।
उन्होंने लोगों को सिखाया कि किसी भी इंसान को उसके धर्म, जाति, भाषा या आर्थिक स्थिति के आधार पर छोटा-बड़ा नहीं समझना चाहिए। सभी इंसान एक समान हैं और हर व्यक्ति के साथ प्रेम और सम्मान से व्यवहार करना चाहिए। गुरु नानक देव जी ने अपने संदेशों को लोगों तक पहुंचाने के लिए कई यात्राएं भी कीं। उनकी यात्राओं को उदासियां कहा जाता है। इन यात्राओं के दौरान उन्होंने अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों को सच्चाई, प्रेम, सेवा और ईश्वर की भक्ति का रास्ता दिखाया।
गुरु नानक जयंती को प्रकाश पर्व क्यों कहते हैं?
गुरु नानक जयंती को प्रकाश पर्व कहने के पीछे एक गहरा आध्यात्मिक अर्थ है। प्रकाश का मतलब होता है रोशनी और अंधकार का मतलब होता है अज्ञान। गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और शिक्षाओं से समाज में फैले अंधविश्वास, भेदभाव, अज्ञान और नफरत को दूर करने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को ज्ञान, सच्चाई, प्रेम और इंसानियत की राह दिखाई।
उनकी शिक्षाओं ने लोगों के जीवन में आध्यात्मिक ज्ञान और अच्छे विचारों का प्रकाश फैलाया। इसी वजह से उनके जन्मदिन को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व केवल एक महान गुरु के जन्म का उत्सव नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का भी अवसर है।
यह भी पढ़े -वैकुंठ चतुर्दशी पर करें ये आसान उपाय, भगवान विष्णु और महादेव की मिलेगी विशेष कृपा, घर में आएगी सुख-समृद्धि
क्या है धार्मिक महत्व और कैसे मनाई जाती है जयंती ?
गुरु नानक जयंती सिख समुदाय के लिए बेहद खास दिन है। इस दिन गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद किया जाता है। उनके उपदेश आज भी लोगों को सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं। गुरु नानक जयंती के दिन देशभर के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दिन की शुरुआत सुबह कीर्तन और अरदास से होती है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में गुरुद्वारों में पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेकते हैं।
गुरु नानक जयंती पर लंगर का क्या महत्व है?
गुरु नानक जयंती पर लंगर सेवा का विशेष महत्व है। गुरु नानक देव जी ने हमेशा समानता और मानव सेवा का संदेश दिया। उनका मानना था कि समाज में कोई भी व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं होता। लंगर इसी विचार को आगे बढ़ाने का एक तरीका है। गुरुद्वारों में हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के भोजन कराया जाता है। यहां अमीर और गरीब सभी एक साथ बैठकर खाना खाते हैं। लंगर तैयार करने से लेकर भोजन परोसने और बर्तन साफ करने तक श्रद्धालु अपनी इच्छा से सेवा करते हैं। इसे सेवा यानी निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करना कहा जाता है। इस परंपरा से लोगों में सहयोग, प्रेम और भाईचारे की भावना बढ़ती है।
यह भी पढ़े -कब मनाई जाएगी वैकुंठ चतुर्दशी 23 या 24 नवंबर? जानें सही तिथि, शुभ मुहूर्त, पूजा की विधि और कथा
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :  
