Tulsi Vivah 2026: 21 या 22 नवंबर, कब होगा तुलसी विवाह? जानें सही तारीख, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। इस दिन घरों और मंदिरों में शादी की तरह सजावट होती है और पूरे विधि-विधान से तुलसी विवाह संपन्न किया जाता है। लेकिन इस बार लोगों के मन में एक सवाल है कि तुलसी विवाह 21 नवंबर को होगा या 22 नवंबर को? आइए जानते हैं सही तारीख, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, जरूरी सामग्री और इस पर्व का धार्मिक महत्व।
तुलसी विवाह 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2026 में तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को पड़ रहा है। दरअसल, द्वादशी तिथि 21 नवंबर की सुबह शुरू होकर 22 नवंबर की सुबह तक रहेगी। इसलिए कुछ लोगों को तारीख को लेकर भ्रम हो रहा है। उदया तिथि के अनुसार तुलसी विवाह 21 नवंबर को ही करना शुभ माना गया है। हालांकि, कुछ घरों और मंदिरों में देवउठनी एकादशी यानी 20 नवंबर की शाम को ही तुलसी विवाह कराया जाएगा।
तुलसी विवाह 2026 की तिथि और शुभ मुहूर्त
द्वादशी तिथि प्रारंभ: 21 नवंबर, सुबह 6 बजकर 31 मिनट
द्वादशी तिथि समाप्त: 22 नवंबर, सुबह 4 बजकर 56 मिनट
पूजा का शुभ समय: 21 नवंबर को शाम लगभग 5 बजकर 59 मिनट से 6 बजकर 25 मिनट तक गोधूलि बेला में
यह भी पढ़े -20 नवंबर से फिर गूंजेंगी शहनाइयां, 23 दिन में मिलेंगे शादी के 16 शुभ मुहूर्त, 2027 में मिलेंगे विवाह के 96 दिन
तुलसी विवाह के लिए पूजा सामग्री
तुलसी का पौधा और गमला या तुलसी वृंदावन, भगवान शालिग्राम या भगवान विष्णु की प्रतिमा, लाल या पीले रंग का कपड़ा, फूल और फूलों की माला, रोली, कुमकुम और हल्दी, अक्षत यानी साबुत चावल, धूप, दीपक और अगरबत्ती, फल, मिठाई और नारियल, गन्ना और आंवला, चुनरी और सुहाग की सामग्री, कलश और पूजा की थाली, पंचामृत और गंगाजल, मिठाई और प्रसाद,
तुलसी विवाह की पूजा विधि
- सबसे पहले तुलसी के पौधे और उसके वृंदावन की अच्छी तरह सफाई करें।
- इसके बाद उसे गंगाजल से शुद्ध करें। तुलसी के गमले को फूलों, रंगोली और दीपकों से सजाएं।
- माता तुलसी को लाल चुनरी या नई साड़ी पहनाएं।
- तुलसी के पौधे के पास गन्ने से छोटा-सा मंडप बनाएं, मंडप को फूलों और आम के पत्तों से सजाया जा सकता है।
- इसके बाद भगवान शालिग्राम या भगवान विष्णु की प्रतिमा को एक चौकी पर स्थापित करें।
- किसी भी शुभ कार्य से पहले भगवान गणेश की पूजा करें।
- इसके बाद भगवान विष्णु और माता तुलसी को रोली, चंदन, अक्षत, फूल और फल अर्पित करें।
- दीपक जलाकर धूप-अगरबत्ती दिखाएं।
- तुलसी विवाह में कन्यादान की रस्म का विशेष महत्व है। घर के सदस्य माता तुलसी को भगवान शालिग्राम की दुल्हन मानकर उनका कन्यादान करते हैं।
- इसके बाद भगवान शालिग्राम और माता तुलसी को फूलों की माला पहनाएं।
- परंपरा के अनुसार फेरे और अन्य विवाह की रस्में भी पूरी की जाती हैं।
- अंत में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम की आरती करें।
- उन्हें फल, मिठाई और अन्य भोग अर्पित करें।
- इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों और आसपास के लोगों में प्रसाद बांटें।
यह भी पढ़े -शनिवार को भूलकर भी न करें ये 7 काम, शनिदेव की नाराजगी से बचना है तो जान लें ये जरूरी नियम
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :  

