Vastu Tips: क्या आपके घर में है वास्तु दोष, अपनाएं ये अचूक उपाय दोष होगा दूर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिन्दू धर्म में वास्तु शास्त्र का बड़ा महत्व बताया गया है और इसमें व्यक्ति के जन्म से लेकर मृत्यु और सुखद जीवन जीने के नियम निहित हैं। आपका घर कैसा होना चाहिए, उसे किस तरह से बना होना चाहिए यह सब आपको वास्तु शास्त्र में मिल जाता है। फिर, हर कोई चाहता भी है कि उसका घर केवल रहने की जगह न होकर प्रेम, सुख-समृद्धि और मानसिक शांति का केंद्र बने। लेकिन, कई बार मेहनत के बावजूद धन की कमी, परिवार में क्लेश और मानसिक शांति का ना होना जीवन का सुख- चैन छीन लेते हैं। ऐसे में आप वास्तु शास्त्र के कुछ नियमों को अपनाकर अपने घर संसार को सुखद रूप दे सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ वास्तु टिप्स के बारे में...
इस तरह से करें घर में सफाई
वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में मानसिक शांति और सुख का संचार हमेशा रहे इसके लिए आपको सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। क्योंकि, गंदगी और अव्यवस्था नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देती है। आप समय- समय पर घर के कोनों, स्टोर रूम और बंद पड़े कमरों की सफाई जरूर करें। इसके लिए आपके घर में टूटे-फूटे सामान, खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ना हों। यदि हैं तो आप उन्हें कबाड़ में बेच दें या घर से बाहर कचरे में स्थान दें। क्योंकि, यही वो चीजें हैं जो आपके घर में वास्तु दोष को बढ़ाती हैं।
घर में इन पौधों को लगाएं
हिन्दू धर्म में कई पौधों को पूजनीय बताया गया है और यह सकारात्मक ऊर्जा का स्त्रोत भी हैं। आप अपने घर में तुलसी का पौधा जरूर लगाएं। इसके अलावा आप अशोक के पेड़ भी लगा सकते हैं। जिससे घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और सुख-समृद्धि बढ़ती है।
नकारात्मकता दूर करने में नमक सहायक
आप अपनी रसोई में रखे नमक का इस्तेमाल नकारात्मकता दूर करने में कर सकते हैं। खास तौर पर सेंधा नमक वास्तु में अत्यंत प्रभावशाली माना गया है। इसके लिए आप सप्ताह में कम से कम एक बार घर के सभी कमरों में सेंधा नमक मिले पानी से पोंछा लगाएं। इसके अलावा रात में एक कटोरी में सेंधा नमक भरकर किसी कोने में रख दें। इसके बाद सुबह उसे बहते पानी में प्रवाहित कर दें।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   8 Jan 2026 8:40 PM IST















