Akshaye Khanna New Apartment: मुंबई के मालाबार हिल में अक्षय खन्ना ने खरीदा लग्जरी अपार्टमेंट, जानें कितने करोड़ में हुई डील?

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना ने मुंबई के पॉश इलाके मालाबार हिल में 33.26 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट खरीदा है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, यह सौदा सितंबर 2026 में रजिस्टर हुआ है। यह जानकारी स्क्वायर यार्ड्स द्वारा महाराष्ट्र के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन की वेबसाइट पर उपलब्ध दस्तावेजों की समीक्षा के बाद सामने आई है।
यह भी पढ़े -'वाराणसी' के पोस्ट प्रोडक्शन पर एस.एस. कार्तिकेय ने दिया बड़ा अपडेट, 'जनवरी तक पूरा हो जाएगा काम'
दस्तावेजों के अनुसार, अक्षय खन्ना की यह प्रॉपर्टी 30 लिटिल गिब्स, मालाबार हिल रोड, मुंबई में स्थित है। अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 2,341.39 वर्ग फीट यानी 217.52 वर्ग मीटर है। इसके अलावा 175.45 वर्ग फीट का बालकनी एरिया है। इस तरह अपार्टमेंट का कुल एरिया 2,516.84 वर्ग फीट यानी 233.82 वर्ग मीटर है। प्रॉपर्टी के साथ तीन पार्किंग यूनिट भी शामिल हैं। इस सौदे के लिए 1.99 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी और 30 हजार रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क चुकाया गया है।
मालाबार हिल दक्षिण मुंबई के प्रमुख और महंगे रिहायशी इलाकों में शामिल है। समुद्र के किनारे स्थित यह इलाका प्रीमियम अपार्टमेंट, आलीशान घरों और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। नेपियन सी रोड, वाल्केश्वर रोड और पेडर रोड के जरिए यह दक्षिण मुंबई के प्रमुख इलाकों से जुड़ा हुआ है। यहां से मरीन ड्राइव, नरीमन पॉइंट और कोलाबा जैसे इलाकों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
Created On :   28 Sept 2026 7:00 PM IST












