Spirit Film Controversy: फिल्म 'स्पिरिट' विवाद में निर्माता के दावों पर दीपिका पादुकोण ने दिया रिएक्शन, वायरल पोस्ट में पुरुषों के अहंकार पर तंज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' से बाहर हुए एक साल से ज्यादा समय हो गया है। मगर इससे जुड़ा विवाद अभी भी खत्म नहीं हुआ है। उस समय दीपिका के बाहर निकलने और उससे जुड़ी खबरों ने काफी चर्चा बटोरीं थीं। अब एक बार फिर यह मुद्दा सुर्खियों में आ गया है, जब निर्देशक वांगा के भाई ने दावा किया कि दीपिका के बाहर निकलने की वजह उनकी 10 प्रतिशत फायदे की मांग को न मानना था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रणय वांगा के बयान पर सवाल उठाए गए। और अब दीपिका ने रिएक्शन देकर इसका समर्थन किया है।
यूजर ने क्या सवाल उठाया?
शुक्रवार को एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए एक लंबा नोट शेयर किया। प्रणय वांगा के हालिया बयान का जिक्र करते हुए पोस्ट में लिखा गया 'संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय का दावा है कि दीपिका पादुकोण ने 'स्पिरिट' के फायदे में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगी थी। मैं बस सोच रही हूं, क्या हम भूल गए हैं कि मेल एक्टर्स वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं? जब कोई महिला ऐसा करती है, तो यह खबर क्यों बन जाती है?' पोस्ट में यूजर ने उस दोहरे मापदंड पर सवाल उठाया गया। पोस्ट में आगे लिखा गया 'एक महिला ने डील ठुकरा दी, और महिला-विरोधी सोच एक महिला के 'ना' को बर्दाश्त नहीं कर पाई।'
दीपिका ने दी प्रतिक्रिया
दीपिका पादुकोण ने पोस्ट को लाइक करके अपना समर्थन दिखाया। शनिवार सुबह तक, 12 घंटों में पोस्ट को 8 हजार से ज्यादा लाइक्स और लगभग 2 हजार रीपोस्ट और शेयर मिले, जिससे दीपिका के कई फैंस का समर्थन जाहिर हुआ।
क्या है 'स्पिरिट' का विवाद?
फिल्म से दीपिका के हटने पर ऑनलाइन काफी विवाद हुआ था, क्योंकि एक्ट्रेस ने आठ घंटे के काम के शेड्यूल की मांग की थी। एक्ट्रेस ने पिछले साल इस मुद्दे पर बात करते हुए सवाल उठाया था कि जब पुरुष सुपरस्टार उतने ही घंटे काम कर सकते हैं और अपने शेड्यूल को सिर्फ वीकडेज तक सीमित रख सकते हैं, तो महिला कलाकार ऐसी मांगें क्यों नहीं कर सकतीं। 'स्पिरिट' मार्च 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
Created On :   22 Aug 2026 12:02 PM IST











