FIFA WC 2026: अमेरिका में इंग्लैंड टीम के बेस कैंप के नजदीक अंधाधुंध फायरिंग, वर्ल्डकप जैसे इवेंट से पहले प्लेयर्स और फैंस की सुरक्षा पर उठे सवाल!

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। फीफा वर्ल्डकप (FIFA World Cup) 2026 अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की मेजबानी में 11 जून से लेकर 19 जुलाई तक खेला जाएगा। फुटबॉल के इस सबसे बड़े इवेंट के शुरू होने के ठीक पहले अमेरिका में बड़ी घटना घटी है। मिसूरी राज्य के कंसास सिटी में शनिवार को अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें 9 लोग बुरी तरह घायल हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि जहां वारदात हुई वहां से कुछ ही दूरी पर इंग्लैंड फुटबॉल टीम अपना बेस कैंप बनाने वाली थी। टूर्नामेंट के आगाज से पहले ऐसी हिंसक घटना के होने से सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की गिरफ्त से दूर हमलावर
हमलावर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे हैं। कंसास पुलिस के मताबिक, फायरिंग में घायल हुए सभी 9 लोगों की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि इनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उनका इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां छापेमारी कर रही हैं।
इंग्लैंड टीम पर खतरा!
यह हिंसक घटना कंसास सिटी के स्वोप सॉकर विलेज से कुछ ही दूरी पर घटी है। यहां ही वर्ल्डकप में हिस्सा लेने आई इंग्लैंड की टीम ट्रेनिंग करने वाली है। गनीमत रही कि गोलाबारी की घटना के दिन इंग्लैंड की टीम कोनसास सिटी में मौजूद नहीं थी। वह इस समय फ्लोरिडा में है, जहां उसे कोस्टा रिका के खिलाफ अभ्यास मैच खेलना है। बता दें कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े आयोजन को देखने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं, ऐसे में उसके ठीक पहले हुई इस घटना ने खिलाड़ियों के साथ ही फैंस की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
Created On :   8 Jun 2026 5:34 PM IST










