Apple Price Hike: एप्पल ने बढ़ाई कीमतें, अब MacBook और iPad खरीदने के लिए चुकाना होंगे अधिक दाम

एप्पल ने बढ़ाई कीमतें, अब MacBook और iPad खरीदने के लिए चुकाना होंगे अधिक दाम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिग्गज टेक कंपनी एप्पल ने भारत में अपने MacBook और iPad लाइनअप की कीमतों में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने कई मॉडल्स की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। नई कीमतें Macs, MacBooks, iPads, Apple TV और HomePod सीरीज पर लागू हो गई हैं, जबकि iPhone की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी का कहना है कि वैश्विक स्तर पर मेमोरी (DRAM) और स्टोरेज (NAND) चिप्स की बढ़ती लागत तथा AI इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग के कारण यह फैसला लेना पड़ा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, MacBook Air के कुछ मॉडल की कीमत में करीब 29,000 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि MacBook Pro के कुछ वेरिएंट 70,000 रुपए तक महंगे हो गए हैं। Mac mini, iPad Air, iPad Pro, Apple TV 4K और HomePod सीरीज की कीमतों में भी उल्लेखनीय इजाफा किया गया है।

कंपनी के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा सेंटरों की बढ़ती मांग के चलते मेमोरी और स्टोरेज चिप्स की वैश्विक सप्लाई पर दबाव बढ़ा है। इससे कंपोनेंट्स की लागत में तेज उछाल आया है, जिसका असर अब उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है।

हालांकि, Apple ने फिलहाल iPhone की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी अपनी सबसे अधिक बिकने वाली प्रोडक्ट कैटेगरी की कीमतों को अभी स्थिर रखना चाहती है, क्योंकि iPhone उसकी कुल आय का सबसे बड़ा स्रोत है।

विशेषज्ञों का कहना है कि AI से जुड़ी बढ़ती हार्डवेयर मांग का असर अब सीधे उपभोक्ता उत्पादों की कीमतों पर पड़ने लगा है। Apple जैसी बड़ी कंपनी द्वारा कीमतें बढ़ाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि आने वाले समय में अन्य टेक कंपनियां भी इसी तरह के कदम उठा सकती हैं।

Created On :   26 Jun 2026 5:15 PM IST

Next Story