आगामी स्मार्टरिंग: Apple कर रही है ‘iRing’ पर काम, ताजा लीक ने लॉन्च को लेकर बढ़ाई अटकलें

Apple कर रही है ‘iRing’ पर काम, ताजा लीक ने लॉन्च को लेकर बढ़ाई अटकलें
लीक और पुराने पेटेंट संकेत देते हैं कि कंपनी भविष्य में हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग वाले नए वियरेबल डिवाइस के साथ बाजार में उतर सकती है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टेक दिग्गज Apple की पहली स्मार्ट रिंग को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ताजा लीक में दावा किया गया है कि कंपनी ‘iRing’ नाम से एक स्मार्ट रिंग पर काम कर रही है, जो हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग से जुड़े फीचर्स के साथ बाजार में उतर सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, iRing बाजार में आने के बाद Samsung Galaxy Ring और Oura Ring जैसे प्रोडक्ट्स को टक्कर देगी। माना जा रहा है कि इसमें हार्ट रेट, स्लीप ट्रैकिंग, एक्टिविटी मॉनिटरिंग और अन्य हेल्थ सेंसर दिए जा सकते हैं।

हालांकि, Apple ने अभी तक इस डिवाइस की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन लीक और पुराने पेटेंट संकेत देते हैं कि कंपनी भविष्य में हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग वाले नए वियरेबल डिवाइस के साथ बाजार में उतर सकती है। आइए जानते हैं इससे जुड़ी अन्य डिटेल...

नई लीक में क्या मिला?

फेमस Apple टिप्स्टर Kosutami ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया है कि Apple के भीतर ‘iRing’ नाम से एक स्मार्ट रिंग का डेवलपमेंट चल रहा है। हालांकि लीक में डिवाइस के फीचर्स, डिजाइन, कीमत या लॉन्च टाइमलाइन जैसी कोई जानकारी शेयर नहीं की गई है। रिपोर्ट के अनुसार यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में हो सकता है।

बता दें कि, इससे पहले भी एप्पल की आने वाली स्मार्टरिंग को लेकर ली​क सामने आ चुकी हैं। हालांकि Apple ने किसी भी फीचर की पुष्टि नहीं की है, लेकिन कंपनी के पुराने पेटेंट और पहले आई रिपोर्ट्स के आधार पर माना जा रहा है कि संभावित iRing में हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग, हार्ट रेट और स्लीप मॉनिटरिंग, बॉडी मूवमेंट और जेस्चर कंट्रोल, Apple Vision Pro जैसे डिवाइस के साथ इंटरैक्शन और Apple Health इकोसिस्टम के साथ बेहतर इंटीग्रेशन जैसे कई फीचर्स मिल सकते हैं।

इन डिवाइसों को मिलेगी टक्कर

यदि Apple अपनी स्मार्ट रिंग लॉन्च करती है तो उसका मुकाबला खास तौर पर Samsung की Galaxy Ring और Oura Ring सीरीज से होगा। ये दोनों डिवाइस पहले से ही स्लीप ट्रैकिंग, हार्ट रेट मॉनिटरिंग, एक्टिविटी ट्रैकिंग और अन्य हेल्थ फीचर्स के लिए पॉपुलर हैं।

Created On :   28 Jun 2026 1:22 PM IST

Tags

Next Story