Iran-Israel War: भारत आने वाले विमान पर अमेरिका का हमला, भड़क उठा ईरान, उठाई दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान से भारत आने वाले एक विमान पर अमेरिका के हमले की खबर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि यह विमान मानवीय राहत सामग्री लेकर भारत आने वाला था। हमला ईरान के मशहद एयरपोर्ट पर हुआ, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद ईरान ने कड़ी नाराजगी जताई है और इसे युद्ध अपराध बताया है। भारत में ईरान के दूतावास ने भी इस हमले की निंदा की है। उनका कहना है कि इस तरह नागरिक विमान पर हमला करना अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है। अब इस मामले को लेकर वैश्विक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़े -ईरान ने तुर्की के तरफ दागी बैलेस्टिक मिसाइल, NATO के मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने किया तबाह, अंकारा ने दावा करते हुए दी चेतावनी
ईरान ने जताई कड़ी नाराजगी
ईरान इस हमले से काफी गुस्से में है। भारत में ईरान के दूतावास ने साफ कहा कि यह हमला गलत है। दूतावास के अनुसार, जो विमान दवाइयां और मदद का सामान लेकर जा रहा था उस पर हमला करना इंसानियत के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मानवीय मिशन में लगे विमानों को निशाना बनाना पूरी तरह गलत है।
अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया
ईरान ने कहा कि यह हमला कई अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है। उन्होंने शिकागो कन्वेंशन और मॉन्ट्रियल कन्वेंशन का जिक्र किया। इन नियमों के अनुसार, किसी भी नागरिक विमान पर हमला करना अपराध माना जाता है। साथ ही जिनेवा कन्वेंशन के नियमों के तहत भी ऐसे हमले को युद्ध अपराध कहा गया है।
कार्रवाई की उठी मांग
ईरान ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही यह भी जरूरी है कि आगे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में विमान को नुकसान पहुंचा है। यह विमान भारत के लिए राहत सामग्री लेकर आने वाला था, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग भी प्रभावित हो सकता है।
Created On :   31 March 2026 9:26 AM IST

