Axiom-4 Launch: भारत के शुभांशु शुक्ला ने रचा इतिहास, स्पेस के लिए हुए रवाना, जानें कब तक पूरा होगा सफर?

- शुभांशु ने रच दिया इतिहास
- इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए भरी उड़ान
- 28 घंटे बाद पूरी होगी यात्रा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के शुभांशु शुक्ला ने बुधवार (25 जून) को इतिहास रच दिया है। वह दोपहर 12:01 बजे Axiom-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना हो गए हैं। शुभांशु ने 3 अन्य अंतरिक्ष यात्रियों (Astronauts) के साथ फॉल्कन-9 रॉकेट के जरिये ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में बैठ कर उड़ान भरी है। 28 घंटों के सफर के बाद, स्पेसक्राफ्ट गुरुवार की शाम लगभग 04:30 बजे, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से जुड़ेगा। बाताया जा रहा है कि स्पेस स्टेशन पर लॉन्च के लिए सभी सिस्टम अच्छे दिख रहे हैं और मौसम 90% अनुकूल है।
शुभांशु की प्रतिक्रिया
शुभांशु शुक्ला ने कहा कि नमस्कार, मेरे प्यारे देशवासियों! क्या सफर है! हम 41 साल बाद वापस अंतरिक्ष में पहुंच गए हैं। यह एक अद्भुत सफर है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ़्तार से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं। मेरे कंधों पर मेरा तिरंगा मुझे बताता है कि मैं आप सभी के साथ हूं। यह मेरी यात्रा अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की शुरुआत नहीं है, ये भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं चाहता हूँ कि आप सभी इस सफर का हिस्सा बनें। आपका सीना भी गर्व से चौड़ा होना चाहिए। आइए हम सब मिलकर भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत करें। जय हिंद! जय भारत!
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह क्या बोले?
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला द्वारा संचालित Axiom4Mission के शुभारंभ पर कहा कि यह भारत के विकसित भारत के शिखर पर पहुंचने का अग्रदूत है।
शुभांशु ने रचा इतिहास
शुभांशु पहले भारतीय हैं जो आईएसएस का दौरा करने के लिए रवाना हुए हैं। इतना ही नहीं बल्कि वह अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के 1984 के मिशन के बाद स्पेस में जाने वाले पहले इंडियन होंगे। आपको बता दें कि, 41 साल पहले राकेश शर्मा ने लगातार आठ दिनों तक पृथ्वी के चक्कर लगाए थे।
कितनी बार टल चुका है मिशन?
जानकारी के मुताबिक, जिस मिशन के लिए शुभांशु जा रहे हैं वह 7 बार टल चुका है। बताया जा रहा है कि लॉन्च व्हीकल में समस्या और ISS के Zvezda मॉड्यूल पर दबाव में बदलाव के चलते मिशन टालने की नौबत आई। हालांकि अब वह अंतत: 25 जून को आईएसएस के लिए रवाना होने जा रहे हैं।
Created On :   25 Jun 2025 12:14 PM IST