Sheikh Hasina News: क्या बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना? दो साल बाद पहली बार करेंगी खुलकर बात

क्या बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना? दो साल बाद पहली बार करेंगी खुलकर बात
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना देश छोड़ने के करीब दो साल बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आने वाली हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना देश छोड़ने के करीब दो साल बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आने वाली हैं। छात्र आंदोलन के बाद अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद उन्होंने सार्वजनिक मंचों और औपचारिक मीडिया संवाद से दूरी बनाए रखी थी। अब वे नई दिल्ली में आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए अपनी बात रखेंगी।

यह कार्यक्रम फॉरेन कॉरेस्पॉन्डेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया (FCC South Asia) की ओर से 5 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक चलने वाले इस आयोजन का स्थल नई दिल्ली के मथुरा रोड स्थित सर मार्क टली ऑडिटोरियम होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी किया जाएगा, जिससे दुनिया भर के लोग इसे देख सकेंगे।

दो साल बाद पहली बार रखेंगी अपना पक्ष

जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में शेख हसीना अपने राजनीतिक भविष्य, मौजूदा परिस्थितियों और बांग्लादेश लौटने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा कर सकती हैं। सत्ता से हटने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक संबोधन माना जा रहा है, जिस पर क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर रहेगी।

2024 के आंदोलन के बाद छोड़ा था देश

5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में आरक्षण (कोटा) व्यवस्था के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन देखते ही देखते व्यापक सरकार विरोधी अभियान में बदल गया था। आंदोलन के तेज होने के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा और सुरक्षा कारणों से वे भारत आ गईं। इसके बाद से उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया से लगभग पूरी तरह दूरी बनाए रखी।

कई प्रमुख हस्तियां भी होंगी शामिल

FCC साउथ एशिया के इस कार्यक्रम में बांग्लादेश की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आमंत्रित अतिथियों में शेख हसीना के बेटे और उनके पूर्व आईसीटी सलाहकार सजीब वाजिद जॉय, पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नोफेल तथा बांग्लादेश ह्यूमन राइट्स वॉच के महासचिव महम्मद अली सिद्दीकी समेत कई राजनेता, राजनयिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग मौजूद रहेंगे।

Created On :   3 Aug 2026 2:20 AM IST

Tags

Next Story