Iran-Israel War: जंग के बीच ब्रिटेन ने अपने सहयोगी देशों की बढ़ाई सुरक्षा, मिडिल ईस्ट में तैनात की रॉयल एयर फोर्स

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ब्रिटेन ने अपने सहयोगी देशों की सुरक्षा बढ़ा दी है। ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स (RAF) ने खाड़ी क्षेत्र में टाइफून फाइटर जेट्स तैनात करने की जानकारी सामने आई है। यूके के रक्षा मंत्रालय (MoD) ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ सुरक्षा के लिए की जा रही है और इसका मकसद क्षेत्र में शांति बनाए रखना है। मंत्रालय के अनुसार, रात के समय RAF के टाइफून जेट्स ने जॉर्डन की तरफ जा रहे एक ड्रोन को मार गिराया। इसके अलावा एक और ड्रोन को भी रोक लिया गया, जो बहरीन की दिशा में बढ़ रहा था। ब्रिटिश फाइटर जेट्स ने दोनों खतरों को समय रहते खत्म कर दिया।
यह भी पढ़े -ईरान जंग का पाकिस्तान पर पड़ा बुरा असर, तेल हुआ महंगा, मंत्रियों के विदेश दौरे और सैलरी पर लगी रोक, हफ्ते में सिर्फ 4 दिन...
कब खत्म होगी जंग?
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह लड़ाई जल्दी खत्म हो सकती है। हालांकि ईरान ने इस बयान पर कड़ा जवाब दिया है। ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने साफ कहा कि युद्ध कब खत्म होगा, इसका फैसला अमेरिका नहीं बल्कि ईरान करेगा। दोनों देशों के बयानों से साफ है कि हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
यह भी पढ़े -फ्रांस ने होर्मुज की खाड़ी के रास्ते को खोलने का बनाया प्लान, ईरानी सुरक्षा अधिकारी ने दी चेतावनी, दुनियाभर के देशों के लिए अहम
ट्रंप का दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा के डोरल नेशनल गोल्फ क्लब में देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भारतीय समय के अनुसार, यह करीब 3 बजे हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि युद्ध बहुत जल्दी खत्म हो सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान फिर से हमला करने की कोशिश करता है तो अमेरिका और इजरायल की तरफ से और कड़े सैन्य हमले किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि अब तक किए गए हमलों से उनके कई बड़े लक्ष्य पूरे हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि लड़ाई कब तक पूरी तरह खत्म होगी।
ईरान का करारा जवाब
ट्रंप के बयान के बाद ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने प्रतिक्रिया दी। IRGC ने कहा कि युद्ध का अंत कब होगा, इसका फैसला ईरान की सेना करेगी। उन्होंने कहा कि इलाके की स्थिति और आगे की रणनीति अब उनकी सेना के हाथ में है, अमेरिका इसमें फैसला नहीं करेगा।
Created On :   10 March 2026 12:58 PM IST












