Iran-Israel War: कब खत्म होगी जंग? ईरान का अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को करारा जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह लड़ाई जल्दी खत्म हो सकती है। हालांकि ईरान ने इस बयान पर कड़ा जवाब दिया है। ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने साफ कहा कि युद्ध कब खत्म होगा, इसका फैसला अमेरिका नहीं बल्कि ईरान करेगा। दोनों देशों के बयानों से साफ है कि हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
यह भी पढ़े -ट्रंप की रिपब्लिकन लॉमेकर्स से मुलाकात ईरान के खिलाफ अभियान की तारीफ, 'सेव अमेरिका एक्ट' पास कराने की अपील
रात 3 बजे ट्रंप ने क्या कहा
डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा के डोरल नेशनल गोल्फ क्लब में देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भारतीय समय के अनुसार, यह करीब 3 बजे हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि युद्ध बहुत जल्दी खत्म हो सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान फिर से हमला करने की कोशिश करता है तो अमेरिका और इजरायल की तरफ से और कड़े सैन्य हमले किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि अब तक किए गए हमलों से उनके कई बड़े लक्ष्य पूरे हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि लड़ाई कब तक पूरी तरह खत्म होगी।
ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप का दावा
ट्रंप का कहना है कि अगर अमेरिका पहले कदम नहीं उठाता तो ईरान एक हफ्ते के अंदर बड़ा हमला कर सकता था। उनके मुताबिक ईरान के पास बड़ी संख्या में मिसाइलें थीं और वह अमेरिका, इजरायल और मध्य-पूर्व के कई इलाकों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था। इसलिए अमेरिका ने पहले कार्रवाई करना जरूरी समझा।
यह भी पढ़े -दमकलकर्मियों ने बचाई थी मेरी मां की जान, इसे कभी नहीं भूलूंगाः अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस
ईरान का सख्त जवाब
ट्रंप के बयान के बाद ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने प्रतिक्रिया दी। IRGC ने कहा कि युद्ध का अंत कब होगा, इसका फैसला ईरान की सेना करेगी। उन्होंने कहा कि इलाके की स्थिति और आगे की रणनीति अब उनकी सेना के हाथ में है, अमेरिका इसमें फैसला नहीं करेगा।
तेल सप्लाई को लेकर भी चेतावनी
ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान वैश्विक तेल सप्लाई में रुकावट डालता है तो हालात और बिगड़ सकते हैं। इस तनाव का असर तेल की कीमतों पर भी दिख रहा है। हाल के दिनों में तेल के दाम बढ़कर 2022 के बाद के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच गए हैं। वहीं ईरान ने नए सुप्रीम लीडर के रूप में आयतुल्लाह मुज्तबा खामेनेई को चुना है, जो अली खामेनेई के बेटे हैं।
Created On :   10 March 2026 9:13 AM IST













