India-US Relation: भारत आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने किया ऐलान

भारत आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने किया ऐलान
अमेरिका ने संकेत दिए हैं कि ट्रंप अगले साल भारत आ सकते हैं। दोनों देश व्यापार, ऊर्जा और दूसरे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के रिश्ते आने वाले समय में और मजबूत हो सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरे की तैयारी की जा रही है। साथ ही, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को भी जल्द पूरा करने की कोशिश चल रही है। रुबियो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के अच्छे संबंध दोनों देशों की दोस्ती को मजबूत बनाते हैं। उनका मानना है कि आने वाले समय में भारत और अमेरिका कई बड़े क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर सकते हैं।

भारत दौरे की तैयारी तेज

मार्को रुबियो ने कहा कि वह खुद भारत आकर ट्रंप के दौरे की तैयारियों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि व्यापार समझौते पर भी तेजी से काम हो रहा है। रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

तेल और वीजा को लेकर क्या कहा

रुबियो ने कहा कि भारत उन देशों में शामिल है जो भारी कच्चे तेल को साफ करने की अच्छी क्षमता रखते हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में भारत, अमेरिका और दूसरे देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। वीजा नियमों में होने वाले बदलावों पर उन्होंने साफ कहा कि ये किसी एक देश, खासकर भारत, को ध्यान में रखकर नहीं बनाए गए हैं।

अमेरिका के राजदूत ने भी दिए संकेत

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में आगे बढ़ने की काफी गुंजाइश है। उन्होंने बताया कि व्यापार समझौते पर बातचीत आखिरी दौर में है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के अच्छे संबंध दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत बनाने में मदद करेंगे।

Created On :   27 Jun 2026 11:13 AM IST

Tags

Next Story