Iran-Israel War: जंग में जख्मी हुए मोजतबा खामेनेई? राष्ट्रपति के बेटे ने स्वास्थ को लेकर दिया बड़ा बयान

जंग में जख्मी हुए मोजतबा खामेनेई? राष्ट्रपति के बेटे ने स्वास्थ को लेकर दिया बड़ा बयान
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। राष्ट्रपति के बेटे ने जंग में मोजतबा के घायल होने की खबर को झूठ करार दिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर चल रही घायल होने की खबरों को गलत बताया गया है। बुधवार को ईरान के राष्ट्रपति के बेटे और सरकारी सलाहकार यूसुफ पेजेश्कियान ने साफ किया कि मोजतबा खामेनेई पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके घायल होने की बातें सामने आई थीं, लेकिन असल में ऐसा कुछ नहीं हुआ है।

राष्ट्रपति के बेटे का पोस्ट

रष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बेटे यूसुफ ने अपने टेलीग्राम चैनल पर लिखा कि उन्होंने भी मोजतबा खामेनेई के घायल होने की खबरें सुनी थीं, इसलिए उन्होंने उन लोगों से बात की जो मोजतबा के सीधे संपर्क में हैं। उन लोगों ने बताया कि मोजतबा खामेनेई बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं लगी है।

पहले आई थी जख्मी होने की खबर

इससे पहले ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर एक रिपोर्ट दिखाई गई थी, जिसमें मोजतबा खामेनेई को रमजान युद्ध का घायल योद्धा बताया गया था। हालांकि उस रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया था कि उन्हें कैसी चोट लगी है या उनकी हालत क्या है। इसके बाद कई जगह यह खबर फैल गई कि वह घायल हो गए हैं, लेकिन अब सरकार की तरफ से इसे गलत बताया गया है।

ईरानी जहाजों पर निशाना

अमेरिकी सेना का कहना है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के 16 माइन बिछाने वाले जहाजों को नष्ट कर दिया है। यह समुद्री रास्ता दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल की सप्लाई गुजरती है। हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि अभी तक यह साफ नहीं है कि ईरान ने इस जलमार्ग में सच में माइन बिछाए हैं या नहीं।

Created On :   11 March 2026 3:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story