Islamabad Attack At Shia Mosque: पाक डिप्टी पीएम की आतंकियों को कड़ी चेतावनी- अंजाम भुगतने को रहें तैयार, आतंकी हमले में अब तक 31 की मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में एक आत्मघाती हमला हुआ। इस हमले की पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार ने कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इसे एक कायराना हरकत बताया है। इस हमले में 31 लोगों की मौत हो गई और 169 लोग घायल हो गए हैं।
आत्मघाती हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं- इसहाक डार
इसहाक डार ने कहा शिया इमाम बारगाह में जुमे की नमाज अदा करने आए निर्दोष नमाजियों पर हुए आत्मघाती हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। धार्मिक स्थलों और नागरिकों को निशाना बनाकर ऐसे जघन्य अपराधों को अंजाम देना मानवता के खिलाफ है और इस्लामिक सिद्धातों का घोर उल्लंघन है। पाकिस्तान आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ एकजुट है। यह बर्बरता हमें डरा नहीं पाएगी और चरमपंथियों को जरूर इसका अंजाम भुगतना होगा। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान जारी है।
पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्तपताल में इमरजेंसी लगा दी गई है। PIMS के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के निर्देश पर अस्पताल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। मीडिया से जानकारी मिली है कि मुख्य इमरजेंसी, अस्थि रोग विशेषज्ञ, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट को सक्रिय कर दिया गया है
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट किया गया
इस्लामाबाद डिस्ट्रिक्ट प्रशासन ने जानकारी दी कि लगभग 10 घायलों को PIMS में शिफ्ट किया गया है। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान और जांच जारी रहने के कारण धमाके वाली जगह के आसपास के इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।
Created On :   6 Feb 2026 7:56 PM IST












