Monsoon Wardrobe Care: मानसून के मौसम में अलमारी से आ रही है सीलन की बदबू? तो इन खास टिप्स को करें फॉलो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बारिश का मौसम गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन घर में नमी भी बढ़ने लगती है। इसका असर सबसे ज्यादा और पहले अलमारी पर ही पड़ता है। उसमें रखें कपड़े सीलने लगती हैं। कई बार अलमारी खोलते ही तेज बदबू आती है और वही गंध कपड़ों में भी बस जाती है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए तो कपड़ों में फफूंदी भी लग सकती है। लेकिन अच्छी बात यह है कि इस परेशानी से बचने के लिए किसी महंगे सामान की जरूरत नहीं पड़ती। घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों से ही आराम मिल सकता है।
कपूर, लौंग और खाने वाला सोडा आएंगे काम
अलमारी में एक छोटी कटोरी में कपूर और लौंग रख दें। इससे नमी कम होने में मदद मिलती है और अलमारी में अच्छी खुशबू बनी रहती है। इसके अलावा खाने वाला सोडा भी बदबू सोख लेता है। इसे किसी खुले बर्तन में रख दें और कुछ दिनों बाद बदलते रहें। इससे अलमारी ताजा बनी रहती है।
नीम, चाय और कॉफी भी हैं फायदेमंद
सूखी नीम की पत्तियां कपड़ों के बीच या अलमारी के कोनों में रखी जा सकती हैं। इससे बदबू कम होती है और कीड़े भी दूर रहते हैं। अगर घर में बची हुई सूखी चाय की पत्तियां या कॉफी हो, तो उन्हें कपड़े की छोटी पोटली में बांधकर अलमारी में रख दें। इससे भी नमी और खराब गंध कम होती है।
यह भी पढ़े -बारिश के मौसम में गर्मी से तो मिल रही राहत लेकिन बीमारी से हो सकती है परेशानी, ऐसे रखें अपनी सेहत का खास ख्याल
इन छोटी बातों का भी रखें ध्यान
हर हफ्ते कुछ समय के लिए अलमारी के दरवाजे खुले छोड़ दें, ताकि अंदर की नमी बाहर निकल जाए। समय मिले तो कपड़ों को हल्की धूप भी दिखा दें। सबसे जरूरी बात, कभी भी गीले या अधसूखे कपड़े सीधे अलमारी में न रखें। कपड़े पूरी तरह सूखने के बाद ही रखें। इससे बदबू, फफूंदी और कपड़ों के खराब होने की परेशानी काफी हद तक दूर रहती है।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   1 July 2026 7:29 PM IST














