मानसून टिप्स: बारिश के मौसम में अगर आपके भी कपड़ों से आ रही है बदबू, तो इन बातों का रखें खास ख्याल

बारिश के मौसम में अगर आपके भी कपड़ों से आ रही है बदबू, तो इन बातों का रखें खास ख्याल
बारिश के मौसम में कई बार कपड़े धुलने के बाद अजीब सी बदबू आने लगती है। इसके पीछे कई सारी वजहें होती हैं, ऐसे में चलिए आज कुछ टिप्स के बारे में जानते हैं, जिससे कपड़े महकने लगेंगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बारिश का मौसम राहत लेकर आता है लेकिन साथ में कपड़े सुखाना भी एक बड़ा टास्क बन जाता है। कई बार कपड़े पूरी तरह सूखते हुए दिखाई देते हैं, फिर भी उनमें सीलन जैसी बदबू आने लगती है। इसकी सबसे बड़ी वजह हवा में बढ़ रही नमी होती है। कपड़े देर से सूखते हैं और लंबे समय तक गीले रहने के कारण उनमें बैक्टीरिया और फफूंद पनपने लगते हैं। लेकिन आज हम आपके लिए कुछ आसान आदतें लेकर आए हैं, जिनका उपयोग करके इस बदबू से आराम से बचा जा सकता है।

देर तक मशीन में न छोड़ें कपड़े

कपड़े धोने के बाद उन्हें तुरंत बाहर निकालकर सुखा दें। अगर धुले कपड़े देर तक मशीन के अंदर पड़े रहेंगे तो नमी के कारण उनमें बदबू आने की संभावना बढ़ जाती है।

सही जगह पर सुखाएं कपड़े

कपड़ों को ऐसी जगह फैलाएं जहां हवा अच्छी तरह आती हो। अगर घर में खुली जगह नहीं है तो पंखे की हवा का सहारा लें। कपड़ों को एक-दूसरे से चिपकाकर या ऊपर-नीचे रखने की बजाय थोड़ा दूर करके सुखाएं, ताकि वे जल्दी सूख सकें।

अलमारी में रखने से पहले अच्छी तरह जांच लें

बारिश के दिनों में कॉलर, जेब, कफ और सिलाई वाले हिस्सों में हल्की नमी रह सकती है। ऐसे कपड़ों को अलमारी में रखने से पूरी अलमारी में सीलन और बदबू फैल सकती है। इसलिए पूरी तरह सूखने के बाद ही अपने कपड़ों को अलमारी में रखें।

मशीन और अलमारी की सफाई भी जरूरी

सिर्फ कपड़ों की सफाई काफी नहीं है। वॉशिंग मशीन में जमा गंदगी और डिटर्जेंट के अवशेष भी बदबू की वजह बन सकते हैं। समय-समय पर मशीन की सफाई करें। साथ ही अलमारी को भी खुला रखकर हवा लगने दें और नमी से बचाने का ध्यान रखें।

डिटर्जेंट का सही इस्तेमाल करें

ज्यादा डिटर्जेंट या फैब्रिक सॉफ्टनर डालने से भी नुकसान हो सकता है। अगर साबुन पूरी तरह साफ नहीं होगा तो कपड़ों में नमी टिकेगी और बदबू के साथ दाग भी पड़ सकते हैं। वहीं बारिश में भीगे कपड़ों का ढेर लगाने से बचें और जितनी जल्दी हो सके उन्हें धोकर सुखा दें।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   30 Jun 2026 6:26 PM IST

Tags

Next Story