Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 508 अंकों की गिरावट, निफ्टी 23390 के नीचे बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश के शेयर बाजार (Share Market) में आज (01 जून 2026, सोमवार) दिनभर उतार- चढ़ाव देखने को मिला और आखिर में यह गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर रहे। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 508.40 अंक यानि कि 0.68 प्रतिशत गिरकर 74,267.34 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 165.15 अंक यानि कि 0.70 प्रतिशत गिरकर 23,382.60 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 2665 शेयरों में गिरावट देखने को मिली, वहीं 1505 शेयरों में बढ़त दिखी, जबकि 180 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में एचयूएल, टाटा कंज्यूमर, आईटीसी, श्रीराम फाइनेंस और एमएंडएम के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीएसीएस, कोल इंडिया और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें हिन्दुस्तान यूनिलिवर, आईटीसी, एनटीपीसी, एमएंडएम, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 6 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें टेक महिन्द्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, इंडिगो और एचसीएल के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो बीते बंद के मुकाबले सोमवार को इसमें कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला और यह 94.99 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 94.97 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया 95.57 पर बढ़त के साथ खुला था और शाम को यह 95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 264 अंक यानि कि 0.35 प्रतिशत बढ़कर 75,039.7 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 84.10 अंक यानि कि 0.36 प्रतिशत बढ़कर 23,631.85 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते सत्र में बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी और शाम को यह भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1,092.06 अंक यानि कि 1.44 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 74,775.74 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 359.40 अंक यानि कि 1.50 प्रतिशत गिरकर 23,547.75 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   1 Jun 2026 3:45 PM IST









