Share Market Opening Bell: सेंसेक्स में 255 अंकों की तेजी, निफ्टी 25560 के पार खुला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों के चलते देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (26 फरवरी 2026, गुरुवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 255.35 अंक यानि कि 0.31 प्रतिशत बढ़कर 82,531.42 के स्तर पर खुला।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 78.70 अंक यानि कि 0.31 प्रतिशत बढ़कर 25,561.20 के स्तर पर खुला।
शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 538 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 276 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 84 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज ऑटो, इंफोसिस, अडानी एंटरप्राइजेज और सिप्ला के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, अडानी पोर्ट्स, आईटीसी और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
प्री-ओपनिंग में भारतीय इक्विटी इंडेक्स फ्लैट ट्रेड करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 33.80 अंक यानि कि 0.04 प्रतिशत बढ़कर 82,309.87 पर था, और निफ्टी 32.85 पॉइंट या 0.13 प्रतिशत बढ़कर 25,515.35 पर था।
बात करें भारतीय रुपया की तो गुरुवार की सुबह इसमें बीते बंद के मुकाबले 8 पैसे बढ़कर 90.87 प्रति डॉलर पर खुला। जबकि, एक दिन पहले बुधवार की सुबह रुपया 90.94 प्रति डॉलर पर सपाट खुला था और शाम को यह 90.95 प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, बीते कारोबारी दिन (25 फरवरी 2026, बुधवार) बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 457.08 अंक यानि कि 0.56 प्रतिशत बढ़कर 82,683.00 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 131.25 अंक यानि कि 0.52 प्रतिशत बढ़कर 25,555.90 के स्तर पर खुला था।
जबकि, शाम को बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 50.15 अंक यानि कि 0.06 प्रतिशत बढ़कर 82,276.07 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 57.85 अंक यानि कि 0.23 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 25,482.50 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   26 Feb 2026 9:59 AM IST












