CII Annual Business Summit 2025: डिफेंस डील में क्यों हो रही है देरी? वायुसेना के एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने बताया कारण

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में गुरुवार को एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने सीआईआई वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत की रक्षा खरीद में जवाबदेही और तत्परता की मांग की है। उन्होंने प्रमुख रक्षा खरीद परियोजनाओं में देरी पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि कई बार ऐसा हुआ है कि अनुबंध पर साइन करते समय हमें पता होता है कि ये सिस्टम कभी नहीं आएंगे।
डिफेंस डील में क्यों हो रही देरी?
इस दौरान एयर चीफ मार्शल ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि टाइमलाइन एक बड़ा मुद्दा है। एक भी प्रोजेक्ट कभी समय पर पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब समय पर कोई भी प्रोजेक्ट पूरा ही नहीं होता तो हर बार वादा क्यों किया जाता है? उन्होंने डिफेंस सिस्टम में देरी होने के कई मामले गिनवाए, खासतौर पर स्वदेशी परियोजनाओं में देरी के मुद्दों का जिक्र किया।
वायुसेना चीफ ने आगे बताया कि देरी के चलते कई अहम परियोजनाओं को प्रभावित किया है। इसमें तेजस एमके1ए लड़ाकू विमान शामिल है। मार्शिल सिंह ने कहा कि तेजस एमके2 का प्रोटोटाइप अभी तक रोल आउट नहीं हुआ है। स्टील्थ एएमसीए फाइटर का अभी तक कोई प्रोटोटाइप नहीं है।
दिल्ली में सीआईआई वार्षिक व्यापार शिखर सम्मेलन
बता दें, एयर चीफ मार्शल का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब वायुसेना सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत तेजी से स्वदेशीकरण और घरेलू क्षमता पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ भारत में उत्पादन के बारे में बात नहीं कर सकते। हमें डिजाइनिंग के बारे में भी बात करनी चाहिए। हमें सेना और उद्योग के बीच विश्वास की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हमें भविष्य के लिए अभी से तैयारी करनी होगी। 10 साल में हमें उद्योग से अधिक उत्पादन मिलेगा, लेकिन हमें आज जो चाहिए, वह हमें आज चाहिए। हमें जल्दी से जल्दी अपने काम को एक साथ करने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि युद्ध सेनाओं को सशक्त बनाकर जीते जाते हैं। इस शिखर सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे।
Created On :   29 May 2025 6:00 PM IST