बिहार TRE-4: शिक्षक भर्ती के आवेदन की नई तारीख तय, 21 सितंबर से शुरू हो सकती है प्रक्रिया

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के लिए आवेदन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए नई तारीख सामने आ गई है। इस संबंध में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने मंगलवार को नोटिफिकेशन जारी किया है। आयोग के मुताबिक, शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है।
बीपीएससी ने अपने पत्र में बताया कि विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत आयोजित होने वाली चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए संशोधित विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इन संशोधनों के बाद 21 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़े -असम सरकार की स्नातकों और बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी घोषणाएं, युवाओं के लिए शुरू की नई योजना
अभी पक्की नहीं है आवेदन की तारीख
हालांकि शिक्षक अभ्यर्थियों को यह ध्यान रखना होगा कि बीपीएससी ने 21 सितंबर की तारीख को अंतिम या निश्चित तारीख के तौर पर घोषित नहीं किया है। आयोग ने अपने पत्र में इसे संभावित तिथि बताया है। ऐसे में आगे चलकर इसमें बदलाव होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
एक सितंबर से शुरू होने थे आवेदन
दरअसल, TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होनी थी। लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले, 31 अगस्त को बीपीएससी ने आवेदन प्रक्रिया को स्थगित करने की जानकारी दी थी। आयोग ने इसके पीछे प्रक्रियागत बदलावों को वजह बताया था।
आयोग ने कहा था कि आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की नई तारीख जल्द जारी की जाएगी। इसके बाद महज 24 घंटे के भीतर मंगलवार को नई संभावित तारीख सामने आ गई। अब अभ्यर्थियों की नजर बीपीएससी की ओर से जारी होने वाले संशोधित विज्ञापन और अंतिम आवेदन कार्यक्रम पर है।
यह भी पढ़े -आईबीपीएस आरआरबी सीआरपी भर्ती 2026 ऑफिसर समेत 13,706 पदों पर बंपर भर्ती शुरू, जानें डिटेल्स
तारीख टलने से बढ़ी थी अभ्यर्थियों की चिंता
आवेदन प्रक्रिया टलने की खबर सामने आने के बाद शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में चिंता बढ़ गई थी। उन्हें आशंका थी कि आवेदन प्रक्रिया में एक बार फिर लंबा विलंब हो सकता है। हालांकि मंगलवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अभ्यर्थियों से परेशान न होने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है और उन्हें अपनी तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और बीपीएससी पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है।
CTET अभ्यर्थियों को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं
TRE-4 में CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों को शामिल किए जाने का मुद्दा अभी भी बना हुआ है। शिक्षा मंत्री से जब इस संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की।
CTET की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की मांग है कि उन्हें भी TRE-4 में आवेदन और परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाए। उनका तर्क है कि जब STET अपीयरिंग अभ्यर्थियों को मौका दिया जा रहा है, तो CTET अपीयरिंग उम्मीदवारों को भी समान अवसर मिलना चाहिए।
इसी मांग को लेकर मंगलवार को CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव भी किया। अब उनकी नजर सरकार और बीपीएससी के अगले फैसले पर है।
Created On :   1 Sept 2026 10:45 PM IST










