चमोली टनल हादसा: छह दिन बाद सर्च एवं रेस्क्यू अभियान समाप्त, 10 मजदूरों की मौत, 12 घायल

डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में चला सर्च एवं रेस्क्यू अभियान छह दिनों के बाद खत्म हो गया है। 13 अगस्त को जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल ढह जाने से हादसा हो गया था। इस हादसे में कुल 10 लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि 12 घायल हुए हैं। सभी घायलों के उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
घटना की होगी मजिस्ट्रेट जांच
प्रशासन ने मंगलवार को बताया कि अब टनल के भीतर कोई श्रमिक लापता नहीं है और न ही किसी ने गुमशुदा की सूचना दर्ज कराई है। इसके साथ ही प्रशासन ने सर्च एवं रेस्क्यू अभियान आधिकारिक तौर पर खत्म कर दिया है। अब इस हादसे की केंद्र और उत्तराखंड सरकार के स्तर पर मजिस्ट्रेट जांच कराई जा रही है। चमोली पुलिस अधीक्षक (एसपी) का कहना है कि टीएचडीसी और एसीसी कंपनी के जरिए प्रशासन की निगरानी में टनल के भीतर जमा मलबे को हटाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा मानकों का भी विशेष तौर पर ध्यान रखा जाएगा।
रेस्क्यू अभियान में इन एजेंसियों को किया शामिल
चमोली टनल हादसे के रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों को शामिल किया गया था। वहीं, इस घटना के पहले दिन जिलाधिकारी के निर्देश पर सेना और आईटीबीपी की सहायता ली गई थी। सभी सुरक्षा एजेंसियों ने आपसी तेलमेल के साथ इस अभियान को सफल बनाया है।
CM ने घटनास्थल का किया दौरा
राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटनास्थल का दौरा किया था। उनके निर्देश के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान को युद्धस्तर पर चलाया। इस दौरान गढ़वाल आयुक्त और पुलिस के उच्चाधिकारी लगातार मामले पर नजर बनाए हुए थे। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि भविष्य में इस प्रकार की घटना को रोकने के लिए टनल और अन्य निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की समय-समय पर जांच की जाएगी।
Created On :   18 Aug 2026 7:12 PM IST












