Union Carbide Factory Inspection: यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री कैंपस का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, कहा 85 एकड़ का होगा कायाकल्प

यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री कैंपस का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, कहा 85 एकड़ का होगा कायाकल्प
पहले मुख्यमंत्री, जो बिना मास्क के फैक्ट्री एरिया में पहुंचे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शनिवार को भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री कैंपस का निरीक्षण करने पहुंचे। लगभग 85 एकड़ कैंपस में पहली बार प्रदेश के किसी भी मुख्यमंत्री ने विजिट किया। फैक्ट्री में लगभग 40 साल तक रासायनिक कचरा जमा था, इसका निष्पादन होने के बाद अब इसके विकास की योजना पर मंथन शुरु हो गया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को निरीक्षण के दौरान अिधकारियों से इस जमीन का नए सिरे से कायाकल्प और विकास करने पर बातचीत की। डॉ यादव ने कहा कि फैक्ट्री कैंपस में ही त्रासदी स्मारक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने फैक्ट्री परिसर में बिना किसी सेफ्टी मास्क के विजिट की और फैक्ट्री के कोर एरिया का मुआयना भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल मेट्रोपोलिटन एरिया के निर्माण के साथ फैक्ट्री परिसर का भी विकास किया जाएगा। मेट्रोपोलिटन क्षेत्र में भोपाल शहर के विकास के लिए सभी बाधाओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने फैक्ट्री एरिया के विकास को लेकर गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के अधिकारियों से इस परिसर में स्मारक निर्माण के संबंध में जानकारी ली। कहा कि राज्य सरकार ने राजधानी के माथे से इस कलंक का मिटाने का कार्य किया है।

तत्कालीन जिम्मेदारों ने निर्णय नहीं लिया

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि 2-3 दिसम्बर 1984 की रात में मिथाइल आइसोसायनाइट (एमआईसी) गैस का रिसाव एक भीषण दुर्घटना थी। घटना के करीब 40 साल बाद तक रासायनिक कचरा यहां पड़ा रहा। राज्य सरकार ने इसका निष्पादन करवाया। अब हम समाज के सभी वर्गों एवं प्रभावित पक्षों को विश्वास में लेकर यूनियन कार्बाइड कैंपस का विकास किया जाएगा। डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार गैस पीड़ितों के साथ खड़ी है, उनके कल्याण में कमी नहीं रहेगी।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से कहा कि यह भीषण त्रासदी थी। त्रासदी के बाद तत्कालीन सरकार ने इस क्षेत्र को लावारिस छोड़कर बड़ी लापरवाही की। उन्होंने फैक्ट्री में फैले जहरीले कचरे को हटाने के लिए कोई निर्णय नहीं लिया और इस भीषण त्रासदी के बाद फैक्ट्री को बंद कर दिया गया। तत्कालीन सरकार के जिम्मेदारों ने फैक्ट्री के मालिक वॉरेन एंडरसन को यहां से भाग जाने में मदद की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र में यूपीए सरकार रहते हुए भी इस गैस प्रभावित क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया गया।

कोर्ट-केंद्र-राज्य के समन्वय से विकास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहरी विकास के लिए राज्य सरकार के साथ केंद्र सरकार है। कोर्ट का मार्गदर्शन है। फैक्ट्री परिसर में स्मारक सहित विकास के लिए सुझावों पर राज्य सरकार अमल करेगी। सभी पक्षों से चर्चा की जाएगी। राज्य सरकार इस क्षेत्र के नव निर्माण के लिए कार्य करेगी। मुआयना करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आरिफ नगर में पूजा कर रही एक महिला ने रोका। मुख्यमंत्री काफिला रूकवाया। मुख्यमंत्री से महिला ने अनुरोध किया कि भगवान भोलेनाथ को 2 अगरबत्ती लगा दीजिए। उन्होंने अगरबत्ती लगाई और पूछा कि लाड़ली बहना के पैसे मिल रहे हैं?

Created On :   18 Jan 2026 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story