Delhi Crime: द्वारका में गर्भवती महिला की मौत, पति-ससुराल पर प्रताड़ना का आरोप, परिवार ने जताया हत्या का शक

द्वारका में गर्भवती महिला की मौत, पति-ससुराल पर प्रताड़ना का आरोप, परिवार ने जताया हत्या का शक
दिल्ली के द्वारका में तीन महीने की गर्भवती महिला की मौत से मामला गंभीर हो गया है। परिवार ने ससुराल वालों पर परेशान करने और हत्या का शक जताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका इलाके में एक 30 साल की गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला की पहचान नाजिया खानम के रूप में हुई है। वह रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर काम करती थी। नाजिया तीन महीने की गर्भवती थी। उसके मायके वालों ने पति और ससुराल के दूसरे लोगों पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि नाजिया फोन पर उन्हें घर में होने वाली परेशानी के बारे में बताती थी। अब परिवार को शक है कि नाजिया ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई और बाद में इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई।

शादी के बाद से परेशान करने का आरोप

नाजिया की शादी 11 अप्रैल 2026 को अजम अली खान से हुई थी। उसके पिता तवाब खान ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही बेटी को ससुराल में परेशानी हो रही थी। परिवार का आरोप है कि पति, सास, ससुर और घर के दूसरे लोग नाजिया से गाली-गलौज और मारपीट करते थे। उसे घर से निकालने और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। नाजिया फोन पर अपने घरवालों को इन बातों की जानकारी देती थी। परिवार के मुताबिक, नाजिया ने कई बार अपनी परेशानी बताई, लेकिन हालात नहीं बदले।

21 अगस्त को मिली मौत की खबर

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे नाजिया के मायके वालों को उसकी मौत की जानकारी दी गई। खबर मिलते ही परिवार के लोग उसके घर पहुंचे। उन्होंने मौत पर सवाल उठाए और हत्या का शक जताया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पति ने बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद नाजिया खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। कुछ देर बाद पति ने उसे खिड़की से लटका देखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को बुलाया गया। टीम ने कमरे की जांच की और तस्वीरें लीं। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया गया।

BNS की धाराओं में केस, जांच जारी

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 85 और 108 के तहत केस दर्ज किया है। नाजिया के पिता और भाई ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने भी अपने बयान दिए हैं। पिता ने अपने बयान में दामाद को बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार बताया और कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने पोस्टमार्टम और मौके से जुड़े सबूतों की वीडियोग्राफी कराने की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह के साथ परिवार के लगाए आरोपों को भी जांच रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दूसरे सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   23 Aug 2026 2:35 PM IST

Tags

Next Story