निशाने पर सरकार: सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर बरसी AAP, अरविंद केजरीवाल ने साधा बीजेपी पर जोरदार निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में भ्रष्टाचार के एक मामले को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। दिल्ली की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा यानी ACB ने आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया है। उनके साथ दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय को भी पकड़ा गया है। इस मामले में कुल छह लोगों की गिरफ्तारी हुई है। मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी STP से जुड़ा है। आरोप है कि इन परियोजनाओं के टेंडर में नियमों से छेड़छाड़ की गई और प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई। गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए हैं।
टेंडर में गड़बड़ी का आरोप
मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के विस्तार और सुधार से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर की शर्तों में बदलाव किया गया और पूरी प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं हुआ। इसे लेकर दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय की शिकायत पर 11 मई 2024 को केस दर्ज किया गया था। आप नेता अनुराग ढांडा ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस टेंडर की बात हो रही है, वह अक्टूबर 2022 में हुआ था। उनका कहना है कि उस समय सत्येंद्र जैन पहले से ही एक दूसरे मामले में जेल में थे। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया।
केजरीवाल ने बीजेपी पर साधा निशाना
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर बीजेपी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जैन को दोबारा गिरफ्तार कराया गया है। केजरीवाल ने पुराने मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जेल में उनके साथ गलत व्यवहार हुआ था। केजरीवाल ने दावा किया कि पिछला मामला भी झूठा था और नया मामला भी जांच के बाद गलत साबित होगा। वहीं आम आदमी पार्टी का कहना है कि इस कार्रवाई के पीछे राजनीतिक वजह है। दूसरी ओर, ACB ने टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को कार्रवाई का आधार बताया है।
Created On :  

