Assam Crime: पत्नी की हत्या के बाद 'शुगर डैडी' के मर्डर की तैयारी, जेल जाने से पहले आरोपी पति ने दी धमकी, फ्रिज में मिला था वाइफ का सिर

पत्नी की हत्या के बाद शुगर डैडी के मर्डर की तैयारी, जेल जाने से पहले आरोपी पति ने दी धमकी, फ्रिज में मिला था वाइफ का सिर
गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी ने घटना पर अफसोस नहीं जताया। कोर्ट जाते समय उसने जेल से निकलने के बाद एक व्यक्ति को मारने की धमकी दी है।

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी रामानुज गोस्वामी ने मंगलवार को ऐसी बात कही जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कोर्ट ले जाते समय उसने कहा कि उसे पत्नी की हत्या का कोई पछतावा नहीं है। उसने माफी मांगने से भी साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने जेल से बाहर आने के बाद एक व्यक्ति को मारने की धमकी भी दी। रामानुज ने उस व्यक्ति को ‘शुगर डैडी’ कहा। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि वह व्यक्ति कौन है और उसका इस मामले से क्या संबंध है। साथ ही हत्या की पूरी वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है।

पत्नी का सिर फ्रिज में मिला

पुलिस के अनुसार, 25 साल की रिया तालुकदार गुवाहाटी के बसिष्ठपुर इलाके में अपने घर में मृत मिली थीं। जांच के दौरान उनका सिर घर के फ्रिज से मिला। पुलिस को शक है कि उन पर किसी तेज धार वाले हथियार से हमला किया गया था। रामानुज पर पत्नी की हत्या करने और उसके शव को छिपाने का आरोप है। रविवार देर रात उसने पुलिस के सामने सरेंडर किया था। इससे पहले वह करीब दो दिन तक घर से दूर रहा। बाद में उसे हाटीगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जेल से निकलने के बाद मारने की धमकी

मंगलवार को कोर्ट ले जाते समय रामानुज से पत्रकारों ने सवाल किए। इसी दौरान उसने कहा कि पत्नी को तो वह पहले ही मार चुका है और जेल की सजा पूरी होने के बाद वह उस व्यक्ति को भी मार देगा, जिसे उसने ‘शुगर डैडी’ बताया। जब उससे पूछा गया कि यह शुगर डैडी कौन है तो वह नाराज हो गया और पत्रकारों से बदतमीजी करने लगा। उसने यह भी कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है और वह माफी नहीं मांगेगा।

रामानुज को सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि रिया की हत्या क्यों की गई और घटना के बाद आरोपी ने क्या-क्या किया। पुलिस उस व्यक्ति के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, जिसका जिक्र रामानुज ने किया है।

Created On :   8 Sept 2026 1:54 PM IST

Tags

Next Story