Lucknow Fire Tragedy: लखनऊ के विकासनगर इलाके में बड़ा हादसा, आग लगने से 30 सिलेंडर फटे, 4 की मौत

लखनऊ के विकासनगर इलाके में बड़ा हादसा, आग लगने से 30 सिलेंडर फटे, 4 की मौत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां के विकासनगर सेक्टर-12 रिंग रोड के किनारे बनी अवैध बस्ती में भीषण आग लग गई।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां के विकासनगर सेक्टर-12 रिंग रोड के किनारे बनी अवैध बस्ती में भीषण आग लग गई। आग लगने से झुग्गी-झोपड़ियों में रखे गैस के 30 सिलेंडर फट गए। आग इतने भयानक थी कि उसके लपटें 10 किलोमीटर दूर तक देखी गईं। आग लगने के बाद आसपास के कई मकानों को खाली कराया गया। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हादसे में 4 लोगों की जलकर मौत हो गई। इसके अलावा कई लोगों को लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आग इतने तेजी से फैली की सामान को बाहर निकालने का समय ही नहीं मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग शाम करीब 5 बजे एक झोपड़ी में लगी थी, जिसे वहां के स्थानीय लोगों ने बुझाने की कोशिश की थी, लेकिन वो नाकाम रहे। लोगों का आरोप है कि आग फैलते देख पुलिस कंट्रोल रूम को फोन लगाया गया, लेकिन कॉल नहीं लगा। इसके कुछ देर बाद कॉल और सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना के एक घंटे बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। एक के बाद एक कई झुग्गी-झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की आवाजाही इलाके में बढ़ गई, जिससे रिंग रोड पूरी तरह जाम हो गया। लोग कई घंटों तक फंसे रहे।

एक्शन में सीएम योगी

वहीं घटना का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। वहीं मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि घटना की हाईलेवल जांच कराई जाएगी।

Created On :   15 April 2026 11:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story