Mathura Road Accident Update: मथुरा-यमुना एक्सप्रेसवे हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 18 पर पहुंचा, घने कोहरे के चलते टकराईं थीं बसें और छोटे वाहन

मथुरा-यमुना एक्सप्रेसवे हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 18 पर पहुंचा, घने कोहरे के चलते टकराईं थीं बसें और छोटे वाहन
उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेस-वे पर मथुरा के नजदीक मंगलवार को भयावह सड़क हादसा हुआ था। घने कोहरे की वजह से यमुना एक्सप्रेस-वे पर आठ बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकरा गए थे। इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो गई हैं।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेस-वे पर मथुरा के नजदीक मंगलवार को भयावह सड़क हादसा हुआ था। घने कोहरे की वजह से यमुना एक्सप्रेस-वे पर आठ बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकरा गए थे। इस हादसे में मृतकों का आंकड़ा 13 से बढ़कर 18 पर पहुंच गया। 5 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मथुरा पुलिस के मुताबिक यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे 127 मील के पत्थर पर आठ बसें और तीन छोटे वाहन आपस में टकरा गए, जिस कारण उनमें आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को नियंत्रण में लेकर उन्हें साइड में किया गया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक दुर्घटना हुई, जिसके बाद तीन से छह बसों में आग लग गई। हादसे के समय बसें पूरी तरह भरी हुई थीं और सभी सीटों पर यात्री मौजूद थे। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।

हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

वहीं प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। जिसमें लिखा, "उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में लोगों की जान जाने का दुख बहुत ज्यादा है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।"

Created On :   17 Dec 2025 11:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story