मौसम अपडेट: एमपी में 3 डिग्री तक गिरा तापमान, सुबह और रातें सर्द, लोगों में बढ़ रही गलन, जानें कब मिलेगा सर्दी से आराम

एमपी में 3 डिग्री तक गिरा तापमान, सुबह और रातें सर्द, लोगों में बढ़ रही गलन, जानें कब मिलेगा सर्दी से आराम
देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी ठंड पड़ रही है। इसी बीच एमपी में भी मौसम के हाल बेहाल हैं। लोगों में लगातार ठिठुरन बनी हुई है। ऐसे में जानें आपके शहर का मौसम कैसा रहने वाला है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में दिन पर दिन कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हर रोज लोगों को शीतलहर की कंपन झेलनी पड़ रही है। दिन में गलन वाली ठंड पड़ रही है और रात में भी ठंडी हवाएं देखने को मिल रही हैं। इसके चलते ही दिन और रात के तापमान में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है, जिससे विजिबिलिटी काफी ज्यादा कम दर्ज की गई है। इसमें रीवा, ग्वालियर, सागर, शहडोल और चंबल संभाग शामिल हैं। इसके करीब 17 जिलों में तेज कोहरा जारी है और यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

एमपी में कैसा रहेगा आज का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। आज करीब 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें दतिया, रीवा, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, शहडोल और मऊगंज शामिल हैं। सुबह के वक्त कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है और सर्दी से राहत मिलने की अभी खास उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी घना कोहरा और शीतलहर की भी संभावना है।

तापमान में आई भारी गिरावट

एमपी में लगातार शीतलहर जारी है, जिससे तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते दिन न्यूनतम पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा है। गुरुवार को भी एमपी में घना कोहरा छाया हुआ है और कड़ाके की ठंड का असर भी देखने को मिल रहा है।

कैसा रहा प्रदेश का तापमान?

प्रदेश के तापमान के बारे में जानें तो, सबसे कम तापमान के साथ खजुराहो सबसे ठंडा शहर रहा है। साथ ही कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस, रीवा में 4.1 डिग्री सेल्सियस, चित्रकूट में 4.2 डिग्री सेल्सियस, दतिया में 4.2 डिग्री सेल्सियस और राजगढ़ में 4.6 डिग्री दर्ज किया गया है। साथ ही चित्रकूट में अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस, खजुराहो में 15.4 डिग्री सेल्सियस, नौगांव में 15.5 डिग्री सेल्सियस और दतिया में 16.1 डिग्री तक दर्ज किया गया है।

Created On :   9 Jan 2026 11:44 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story