दैनिक भास्कर हिंदी: राफेल मुद्दे पर अब चिदंबरम ने मोदी सरकार को घेरा

August 25th, 2018

हाईलाइट

  • पूर्व वित्त मंत्री ने जांच की मांग करते हुए कहा कि इस डील पर बहस की जरूरत है।
  • चिदंबरम ने कहा, ये एक गंभीर मुद्दा है, जिस पर पब्लिक डिबेट की जरूरत है।
  • कांग्रेस ने पार्टी के सभी नेताओं से कहा है कि वे मोदी सरकार के समय हुए राफेल डील घोटाले को सच लोगों को बताएं।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। राहुल गांधी के बाद अब राफेल डील पर पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने मोदी सरकार को घेरा है। पूर्व वित्त मंत्री ने जांच की मांग करते हुए कहा कि इस डील पर बहस की जरूरत है। कोलकाता में प्रेस कांफ्रेंस कर चिदंबरम ने कहा, ये एक गंभीर मुद्दा है, जिस पर पब्लिक डिबेट की जरूरत है। गंभीर मुद्दा होने के कारण कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे है। चिदंबरम ने कहा कि राफेल सौदे में रक्षा खरीद प्रक्रिया को नजरअंदाज किया गया, जिसका जवाब सरकार को देना चाहिए। कांग्रेस ने पार्टी के सभी नेताओं से कहा है कि वे मोदी सरकार के समय हुए राफेल डील घोटाले का सच लोगों को बताएं। कांग्रेस ने राफेल मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने का निश्चय किया है। इसके पहले लंदन में राहुल गांधी ने कहा था कि राफेल डील में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है।

 

 

राहुल गांधी लंदन में कर रहे मोदी सरकार पर हमला
इसके पहले राहुल गांधी ने ब्रिटेन की राजधानी लंदन में आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधा था। वे यहां पर इंटरनेशनल इंस्‍टीट्यूट ऑफ स्‍ट्रैटिजिक स्‍टडीज में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीतियों पर भी तंज कसे। पीएम पर हमला करते हुए राहुल ने कहा कि डोकलाम जैसी घटना को पहले ही रोका जा सकता था, मगर ऐसा हुआ नहीं। उन्‍होंने कहा कि पीएम मोदी डोकलाम के मुद्दे को सिर्फ एक घटना के तौर पर देखते हैं। अगर सरकार ने चीन की तरफ भी देखा होता तो डोकलाम जैसा मुद्दा सामने आया ही नहीं होता। मोदी सरकार की विदेश नीतियों को खराब बताते हुए राहुल ने कहा कि एनडीए सरकार की विदेश नीति एक तरह से काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की विदेश नीति में स्थायित्व नहीं है। पाकिस्‍तान से कभी बात आगे बढ़ाई जाती है, तो कभी उससे दूरी बना ली जाती है।

खबरें और भी हैं...