Bilaspur Landslide: हिमाचल में बस पर मलबा गिरने से मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 18, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर PM मोदी ने जताया शोक

हिमाचल में बस पर मलबा गिरने से मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 18, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर PM मोदी ने जताया शोक
  • हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन
  • बस के ऊपर चट्टाने गिरने से दर्दनाक हादसा
  • मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 18

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में मंगलवार शाम को बस पर मलबा गिरने से मृतकों की संख्या 18 हो गई है। इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। इसके अलावा गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी घटना को दुखद बताया है। पीएम मोदी ने कहा कि इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया गया है।

बिलासपुर भूस्खलन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

इस दुर्घटना को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मंगलवार शाम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया गया। इस पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में जनहानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है।”

उन्होंने आगे कहा, “दुर्घटना में हताहत हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह ने भी किया ट्वीट

इसके अलावा हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी संवेदना प्रकट की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।“

इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिलासपुर भूस्खलन को लेकर एक्स पर ट्वीट किया। इसमें उन्होंने कहा, “हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है। NDRF की टीमें घटना स्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में लगीं हैं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

Created On :   8 Oct 2025 1:30 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story