Mann Ki Baat 26th Episode: पीएम मोदी ने 'मन की बात' के 126वें एपिसोड में बताया कि किस त्योहार को यूनेस्को में शामिल करवाने का हो रहा है काम, जानें और किन बातों पर दिया जोर

पीएम मोदी ने मन की बात के 126वें एपिसोड में बताया कि किस त्योहार को यूनेस्को में शामिल करवाने का हो रहा है काम, जानें और किन बातों पर दिया जोर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीएम मोदी ने 'मन की बात' के 126वें एपिसोड को संबोधित किया है। उन्होंने इस एपिसोड में कई अहम मुद्दों पर जोर दिया है। उन्होंने ये भी कहा है कि, अमर शहीद भगत सिंह सभी के लिए खासकर युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं। फांसी पर चढ़े से पहले उन्होंने अंग्रेजों को पत्र लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके साथ युद्धबंदी जैसा व्यवहार किया जाए और उन्हें और उनेक साथियों को गोली मार दी जाए। इसके अलावा भी पीएम मोदी ने कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी ने अमर शहीद भगत सिंह को याद करते हुए कहा कि, 'अमर शहीद भगत सिंह, हर भारतवासी, विशेषकर देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणापुंज है। निर्भीकता उनके स्वभाव में कूट-कूट कर भरी थी। भगत सिंह लोगों की पीड़ा के प्रति भी बहुत संवेदनशील थे और उनकी मदद में हमेशा आगे रहते थे। मैं शहीद भगत सिंह को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।'

लता मंगेशकर की जयंती पर क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने लता मंगेशकर की जयंती पर याद करते हुए कहा कि, 'आज लता मंगेशकर की भी जयंती है। भारतीय संस्कृति और संगीत में रुचि रखने वाला कोई भी उनके गीतों को सुनकर अभिभूत हुए बिना नहीं रह सकता। उनके गीतों में वो सब कुछ है जो मानवीय संवेदनाओं को झकझोरता है। उन्होंने देशभक्ति के जो गीत गाए, उन गीतों ने लोगों को बहुत प्रेरित किया। भारत की संस्कृति से भी उनका गहरा जुड़ाव था। मैं लता दीदी के लिए हृदय से अपनी श्रद्धांजलि प्रकट करता हूं।'

नवरात्रि को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने नवरात्रि के पावन अवसर को लेकर कहा कि, 'नवरात्रि के इस समय में हम शक्ति की उपासना करते हैं। हम नारी-शक्ति का उत्सव मनाते हैं। व्यापार से लेकर खेल तक और शिक्षा से लेकर विज्ञान तक आप किसी भी क्षेत्र को लीजिए, देश की बेटियां हर जगह अपना परचम लहरा रहीं है। आज वे ऐसी चुनौतियों को भी पार कर रही हैं, जिनकी कल्पना तक मुश्किल है।'

छठ पूजा को यूनेस्को सूची में शामिल करने की दी जानकारी

पीएम मोदी ने मन की बात में बताया है कि, 'छठ पूजा ऐसा एक पावन पर्व है जो दीवाली के बाद आता है। इसमें हम डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देते हैं, उनकी आराधना करते हैं। आज ये एक वैश्विक उत्सव बन रहा है, भारत सरकार छठ महापर्व को UNESCO की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के लिए प्रयासरत है। जब छठ पूजा UNESCO की सूची में शामिल हो जाएगी, तो दुनिया के हर कोने में लोग इसकी भव्यता और दिव्यता का अनुभव कर सकेंगे।'

गांधी जी के बारे में क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने 2 अक्टूबर को और गांधी जयंती को लेकर कहा कि, 'अक्टूबर को गांधी जयंती है। गांधी जी ने हमेशा स्वदेशी को अपनाने पर बल दिया और इनमें खादी सबसे प्रमुख थी। दुर्भाग्य से आजादी के बाद, खादी की रौनक कुछ फीकी पड़ती जा रही थी, लेकिन बीते 11 साल में खादी के प्रति देश के लोगों का आकर्षण बहुत बढ़ा है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि 2 अक्टूबर को कोई ना कोई खादी सामान जरूर खरीदें और गर्व से कहें ये स्वदेशी हैं।'

आरएसएस के 100 वर्षों के काम की पीएम मोदी ने की सराहना

उन्होंने आरएसएस का जिक्र करते हुआ कहा, 'आज RSS 100 वर्ष से बिना थके, बिना रुके, राष्ट्र सेवा के कार्य में लगा हुआ है। इसीलिए हम देखते हैं, देश में कहीं भी प्राकृतिक आपदा आए, RSS के स्वयंसेवक सबसे पहले वहां पहुंच जाते हैं। लाखों लाख स्वयंसेवकों के जीवन के हर कर्म, हर प्रयास में राष्ट्र प्रथम की यह भावना हमेशा सर्वोपरि रहती है। मैं राष्ट्रसेवा के महायज्ञ में स्वयं को समर्पित कर रहे प्रत्येक स्वयंसेवक को अपनी शुभकामनाएं अर्पित करता हूं।'

Created On :   28 Sept 2025 1:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story