मौसम अलर्ट: दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा जारी, 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, येलो अलर्ट जारी, IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में अगले कुछ दिन लोगों के लिए मुश्किल भरे हो सकते हैं, क्योंकि मौसम विभाग ने भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। 8 से 14 जून तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
चार दिन तक गर्मी और उमस का कहर
IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार (12 जून) तक गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रहेगी। रविवार (8 जून) को अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उच्च आर्द्रता के कारण गर्मी और तीव्र होगी, जिससे रातें भी असहज रहेंगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम था।
12 जून से आंधी-तूफान की संभावना
मौसम विभाग ने रविवार को तेज हवाओं की भविष्यवाणी की है। वहीं, 12 जून के बाद आंधी-त्सफान शुरू होने की उम्मीद है, जिससे तापमान में कमी और लू जैसी स्थिति से राहत मिल सकती है।
गर्मी से बचाव के उपाय
विशेषज्ञों ने लू से बचने के लिए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। धूप में निकलने से बचें, हल्के कपड़े पहनें, खूब पानी पिएं और छाता, टोपी व सनस्क्रीन का उपयोग करें।
Created On :   8 Jun 2025 10:46 PM IST














