Tamil Nadu News: सीएम बनने के बाद थलापति विजय ने सत्ता को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया, कहा- 'सत्ता का एकमात्र केंद्र मैं...'

सीएम बनने के बाद थलापति विजय ने सत्ता को लेकर दी बड़ी प्रतिक्रिया, कहा- सत्ता का एकमात्र केंद्र मैं...
तमिलनाडु के नए सीएम सी जोसेफ विजय ने शपथ ग्रहण कर ली है। इसके बाद के संबोधन में उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि राज्य में सिर्फ एक ही सत्ता का केंद्र है।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु में पिछले चार दिनों से जारी सियासी हलचल और लगातार चल रही बैठकों के बाद आखिरकार अभिनेता से नेता बने विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। शपथ ग्रहण के बाद उनका पहला भाषण काफी चर्चा में रहा। विजय ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार में फैसला लेने वाला सिर्फ एक ही चेहरा होगा और वही सरकार की सबसे बड़ी ताकत रहेंगे।

'सरकार में कोई दूसरा ताकतवर चेहरा नहीं'- थलापति विजय

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने मंच से कहा कि उनकी सरकार किसी दबाव में काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता का केंद्र सिर्फ वही रहेंगे और किसी दूसरे व्यक्ति या दल का असर सरकार पर नहीं चलेगा। उनके इस बयान को सहयोगी दलों और विपक्ष दोनों के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि वह खुद कोई गलत काम नहीं करेंगे और न ही किसी को गलत करने देंगे। उन्होंने इशारों में विरोधियों और नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी के मन में गलत सोच है तो उसे अभी छोड़ देना चाहिए। विजय ने खुद को जनता का छोटा भाई बताते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार ईमानदारी से काम करेगी।

राहुल गांधी को बताया अपना भाई

मुख्यमंत्री विजय ने सरकार बनाने में साथ देने वाले सभी दलों का धन्यवाद किया। उन्होंने राहुल गांधी को अपना भाई बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। इसके साथ ही वाम दलों, दलित संगठनों और दूसरे सहयोगी नेताओं का भी नाम लेकर धन्यवाद दिया। विजय ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया पर काम करने वाले समर्थकों की भी तारीफ की।

'मैं आम आदमी हूं'- थलापति विजय

अपने भाषण में विजय ने कहा कि वह कोई फरिश्ता नहीं बल्कि एक साधारण इंसान हैं। उन्होंने जनता से थोड़ा समय मांगा और भरोसा दिलाया कि धीरे-धीरे सभी वादे पूरे किए जाएंगे। विजय ने यह भी कहा कि जनता के पैसे का गलत इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। बता दें, विजय के साथ नौ नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें कई पुराने और अनुभवी चेहरे भी शामिल हैं। बाकी सहयोगी दलों के नेताओं को विभागों पर चर्चा पूरी होने के बाद मंत्री बनाया जा सकता है।

Created On :   10 May 2026 5:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story