MEA On CM Revanth Reddy: तेलंगाना सीएम को अमेरिका जाने की नहीं दी गई मंजूरी, सीएम रेवंत रेड्डी के आरोप पर विदेश मंत्रालय का रिएक्शन आया सामने

तेलंगाना सीएम को अमेरिका जाने की नहीं दी गई मंजूरी, सीएम रेवंत रेड्डी के आरोप पर विदेश मंत्रालय का रिएक्शन आया सामने
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया था कि केंद्र ने उनके अमेरिकी दौरे को मंजूरी नहीं दी है। इस पर एमईए ने प्रतिक्रिया दी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को अमेरिका जाने की अनुमति नहीं मिली है, इस पर विदेश मंत्रालय ने रिएक्शन दिया है। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि बड़े नेताओं के विदेश दौरे के लिए राजनीतिक मंजूरी जरूरी होती है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का कहना है कि दौरे का कार्यक्रम नेता के पद और यात्रा के उद्देश्य के हिसाब से होना चाहिए। उनके मुताबिक, अमेरिका के कार्यक्रम में यह बात सही नहीं बैठी है, इसलिए ही मंजूरी नहीं दी गई है। वहीं, ब्रिटेन जाने के लिए रेवंत रेड्डी को पहले ही अनुमति मिल गई थी। अब मुख्यमंत्री अमेरिका नहीं जाएंगे और 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौट सकते हैं।

अमेरिका जाने की अनुमति क्यों नहीं मिली?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री और दूसरे बड़े नेताओं के विदेश दौरे को राजनीतिक मंजूरी देने से पहले कई बातों को देखा जाता है। साथ ही दौरे का उद्देश्य और वहां होने वाले कार्यक्रम नेता के पद के अनुसार होने चाहिए। मंत्रालय के मुताबिक, रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे में ये बातें सही नहीं थीं, इसी कारण उन्हें वहां जाने की मंजूरी नहीं दी गई है।

तेलंगाना सरकार ने क्या कहा?

इससे पहले तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया था कि रेवंत रेड्डी लंदन में हैं। उनका लंदन के बाद अमेरिका जाने का कार्यक्रम था, इसके बाद उन्हें 30 अगस्त को हैदराबाद लौटना था। लेकिन अमेरिका जाने की अनुमति नहीं मिलने के बाद यह योजना बदल गई और अब उनके 23 अगस्त को लंदन से हैदराबाद लौटने की संभावना है।

फैसले से मुख्यमंत्री को लगा झटका

तेलंगाना सरकार ने कहा है कि उसने नियमों के अनुसार ब्रिटेन और अमेरिका, दोनों जगह जाने के लिए केंद्र से अनुमति मांगी थी। ब्रिटेन जाने की मंजूरी मिल गई लेकिन अमेरिका के लिए अनुमति नहीं मिली थी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सरकारी प्रतिनिधिमंडल के ब्रिटेन पहुंचने के बाद राज्य सरकार को इस फैसले की जानकारी दी गई। CMO ने कहा कि इस फैसले से रेवंत रेड्डी हैरान हैं। उनका कहना है कि दौरे का मकसद शिक्षा, निवेश और तेलंगाना के विकास से जुड़ा था।

Created On :   21 Aug 2026 5:31 PM IST

Tags

Next Story