मौसम अपडेट: एमपी के भोपाल-शिवपुरी में आंधी, दिल्ली में बारिश की संभावना, इन राज्यों में मौसम का अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने 20 अक्टूबर के लिए कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 17 राज्यों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और जमीन खिसकने का खतरा है। समुद्र में भी खराब मौसम की आशंका जताई गई है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़े -कश्मीर पर प्रोपेगेंडा नहीं चलेगा! OIC को भारत की दोटूक, पाकिस्तान के एजेंडे का मोहरा बनने पर सुनाई खरी-खोटी
17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, जम्मू-कश्मीर, बिहार, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा में बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। इनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लोगों को मौसम की जानकारी लेते रहने और खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं
बता दें कि, दिल्ली में 20 अक्टूबर को तेज बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने यहां के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। बारिश के साथ हवा 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जान लेना बेहतर रहेगा।
यह भी पढ़े -सरकारी खर्च में 20 फीसदी की कटौती के बावजूद लाडली बहनों की किस्तें नहीं रुकेंगी, राऊत बोले - मंत्रियों की जेब खंगाली तो मिल जाएंगे एक लाख करोड़
मध्य प्रदेश के इन शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट
इसके अलावा मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी मौसम बदल सकता है। उज्जैन, देवास, इंदौर, हरदा, धार, मुरैना, रायसेन, होशंगाबाद, सागर, खंडवा, कटनी, शिवपुरी और भोपाल में बारिश के साथ आंधी आने की आशंका है। भोपाल में 20 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने की जरूरत है।
Created On :   20 Oct 2026 8:36 AM IST












