SA Vs NZ T20 WC 2026: न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया, फाइनल में बनाई जगह, फिन एलन का ऐतिहासिक शतक

न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया, फाइनल में बनाई जगह, फिन एलन का ऐतिहासिक शतक
टी-20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मैच आज साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल न्यूजीलैंड ने अपने नाम कर लिया है। कीवी टीम ने साउथ अफ्रीका पर 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की और खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। दूसरी टीम का फैसला कल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले मैच से होगी। फाइनल मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

फिर चोकर्स साबित हुई साउथ अफ्रीका

कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। टीम की तरफ से मार्को यानसन ने सबसे ज्यादा रन बनाए। दो चौके और 5 छक्कों की मदद से 30 बॉल पर नाबाद 55 रन बनाए। एक समय साउथ अफ्रीका का स्कोर5 विकेट के नुकसान पर 77 रन था। ऐसे समय में यानसन ने ट्रिस्टन स्टब्स (29 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 48 गेंद पर 73 रन की साझेदारी की। इसी साझेदारी की बदौलत अफ्रीकी टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचा। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, कोल मैकॉन्ची और रचिन रवींद्र ने 2-2 विकेट झटके।

170 रन के टारगेट को न्यूजीलैंड ने महज 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से फिन ऐलन ने सबसे ज्यादा नाबाद 100 रन की पारी खेली। उनकी यह पारी केवल 33 गेंदों में आई। इसके साथ ही एलन वर्ल्डकप में सबसे तेज शतक लगाने वाले बैटर बन गए। उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने विश्वकप 2016 में 47 गेंद पर शतक लगाया था। इस ऐतिहासिक पारी में उनके बल्ले से 10 चौके और 8 छक्के निकले। उनके अलावा टिम साइफर्ट ने 58 रन की पारी खेली। रवींद्र रचिन 13 रन बनाकर नाबाद लौटे। साउथ अफ्रीका की तरफ से एकमात्र सफलता कगिसो रबाडा को मिली।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

साउथ अफ्रीका - एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रियान रिकल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, कागीसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी

न्यूजीलैंड - टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन

Live Updates

Created On :   4 March 2026 6:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story