T20 WC 2026 semi-final schedule: भारत की वेस्टइंडीज पर जीत के साथ ही तय हुईं सेमीफाइनल की चारों टीमें, जानें कब कौन सी टीम का होगा मैच?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। रविवार को खेले गए सुपर-8 राउंड के निर्णायक मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इस मैच के साथ ही सेमीफाइनल की सभी चारों टीमें तय हो चुकी हैं। आइए जानते हैं कि सेमीफाइनल में कब, किस टीम से किसका मुकाबला किस मैदान पर होने जा रहा है।
पहला सेमीफाइनल
ग्रुप-1 में सभी तीन मैच जीतकर साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल-1 में जगह बनाई है, जहां उसका सामना 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर न्यूजीलैंड से होगा। साउथ अफ्रीका अब इस वर्ल्डकप में अजेय रही है। ग्रुप स्टेज से लेकर सुपर-8 तक उसने अपने सभी मैच जीते हैं। टीम ने ग्रुप स्टेज में कनाडा के खिलाफ 57 रन की जीत के साथ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत की, जिसके बाद अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर तक चले मुकाबले में हराया। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल की और यूएई को 6 विकेट से मात देकर अपने ग्रुप स्टेज का समापन किया।
सुपर-8 के पहले मैच में साउथ अफ्रीका का सामना भारत से हुआ, इस मैच में उसने 76 रन से जीत दर्ज की। इसके बाद अगले मैच में टीम वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया। दो बड़ी जीत के साथ ही टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली थी। टीम ने अपने आखिरी मैच में जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हराकर अपने सुपर-8 अभियान का समापन किया।
दूसरी ओर, ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराने के बाद यूएई को 10 विकेट से रौंदा। इसके बाद उसे साउथ अफ्रीका के हाथों 7 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी और फिर कनाडा को 8 विकेट से हराकर ग्रुप स्टेज का समापन किया। इस टीम का पहला सुपर-8 मैच पाकिस्तान के खिलाफ था, जो बारिश के चलते रद्द हो गया। इसके बाद कीवी टीम ने श्रीलंका को 61 रन से हराया और फिर इंग्लैंड के हाथों 4 विकेट से शिकस्त झेली।
दूसरा सेमीफाइनल
वर्ल्डकप का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के इस वर्ल्डकप में अभी तक प्रदर्शन को देखें तो ग्रुप स्टेज में भारत ने यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीत के साथ अपने वर्ल्डकप अभियान का आगाज किया। इसके बाद नामीबिया को 93 रन और पाकिस्तान को 61 रन से हराया और फिर नीदरलैंड के खिलाफ 17 रन से जीत दर्ज की।
सुपर-8 के अपने पहले मैच में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद अगले मैच में टीम ने वापसी की और जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कायम रखा। रविवार को खेले गए अपने अंतिम और निर्णायक सुपर-8 मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया।
दूसरी टीम इंग्लैंड की बात करें तो नेपाल के खिलाफ 4 रन से जीत के साथ उसने अपने अभियान की शुरुआत की, लेकिन अगले ही मैच में उसे वेस्टइंडीज के हाथों 30 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट और इटली को 24 रन से हराकर ग्रुप स्टेज का समापन किया। सुपर-8 में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रन और पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया। इन दो जीतों के साथ ही टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके बाद आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में शान से प्रवेश किया है। बता दें कि सेमीफाइनल जीतने वाली दोनों टीमें 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताब के लिए भिड़ेंगी।
Created On :   1 March 2026 11:46 PM IST













