आगरा में नारी स्वास्थ्य पर खास कार्यक्रम, एसपी सिंह बघेल ने की शिरकत

आगरा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को केंद्र में रखते हुए पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर चलाया गया 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान अब अपने समापन चरण में पहुंच गया। गांधी जयंती के दिन आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, "जब महिलाएं स्वस्थ होंगी, तभी परिवार मजबूत होगा और समाज तरक्की करेगा। महिला का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे परिवार और राष्ट्र की उन्नति से जुड़ा होता है।"
यह विशेष अभियान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य महिलाओं को संपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और पोषण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान देशभर में जागरूकता शिविर, स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी परामर्श, और विशेष चिकित्सा सेवाएं महिलाओं के लिए उपलब्ध कराई गईं।
एसपी सिंह बघेल ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में शुरू किया गया था, जिसे 'सेवा पखवाड़ा' के रूप में मनाया गया। उन्होंने कहा, "सेवा पखवाड़ा के इन 15 दिनों में पूरे देश के अस्पतालों में स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। लाखों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, खासकर महिलाओं की स्क्रीनिंग और इलाज पर विशेष ध्यान दिया गया।"
उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान की थीम खुद प्रधानमंत्री मोदी ने तय की थी और कहा था कि नारी स्वस्थ रहेगी, तो परिवार सशक्त रहेगा और इसी सोच के साथ सरकार ने यह जनहितकारी पहल शुरू की।
कार्यक्रम के दौरान नारी स्वास्थ्य से जुड़ी कई जानकारियां साझा की गईं और महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के लिए जागरूक किया गया। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Oct 2025 3:51 PM IST