एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करूंगा आदित्य साहू

रांची, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो दायित्व दिया है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वाह करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से 3 अक्टूबर की सुबह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने की आधिकारिक सूचना जारी की गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, सांसद निशिकांत दुबे सहित तमाम नेताओं-कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत किया है।
दोपहर बाद आदित्य साहू प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे तो प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे छोड़े, मिठाइयां बांटी और बड़े जोश से उनका स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस अवसर पर कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का यह फैसला स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा, “आदित्य साहू बूथ स्तर से संघर्ष करते हुए इस मुकाम तक पहुंचे हैं। एक सांसद के रूप में संसदीय कार्यों का अनुभव भी इनके पास है। इनके अनुभव और कार्यक्षमता से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। राज्य में संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।”
नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने भावुक होकर कहा, “मैं कार्यकर्ता हूं और कार्यकर्ता बनकर ही काम करता रहूंगा। जिम्मेदारी बदलती रहती है, लेकिन कार्यकर्ता भाव कभी नहीं बदलना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि वे सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी संगठन के निर्माण के लिए काम करेंगे। साथ ही प्रदेश की मौजूदा सरकार की नाकामियों को उजागर कर कार्यकर्ताओं के सहयोग से डबल इंजन की सरकार लाने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम, महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह, सरोज सिंह, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू, बलराम सिंह और जितेंद्र वर्मा सहित पार्टी के कई नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2025 8:10 PM IST