मशहूर शेफ संजीव कपूर ने याद किया अपने करियर का सुनहरा सफर

मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के मशहूर शेफ संजीव कपूर ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपने पुराने दिनों को याद करते हुए प्रशंसकों के साथ अपनी प्रेरणादायक कहानी साझा की।
उन्होंने बताया कि उनका शानदार सफर मुंबई के मशहूर रेस्टोरेंट 'येलो चिली' से शुरू हुआ था, जहां से उनके सपनों ने उड़ान भरी।
संजीव कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपने सहकर्मियों के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने एक कैप्शन लिखा, जिसमें अपने करियर की शुरुआत से लेकर टेलीविजन शो तक की यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "सेंचुर होटल में एक्जीक्यूटिव शेफ के रूप में शुरुआत से लेकर अपने टीवी शो तक, मेरी जिंदगी की हर कहानी खास है। अब मेरे पहले रेस्टोरेंट 'येलो चिली' के पीछे की कहानी आपके सामने लाने का समय है, जहां से मेरे सपनों ने नई दिशा पाई।"
उन्होंने आगे बताया कि 'येलो चिली' सिर्फ एक रेस्टोरेंट नहीं था, बल्कि यह उनके सपनों, चुनौतियों और जुनून का प्रतीक था। इस रेस्टोरेंट ने न केवल उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, बल्कि भारतीय खान-पान को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में भी मदद की। संजीव कपूर ने अपने प्रशंसकों से वादा किया कि उनकी नई वीडियो सीरीज 'खजाना' में वे इस सफर की अनकही कहानियां साझा करेंगे।
उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे इस खास एपिसोड को देखें, जिसमें उनके शुरुआती संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी होगी। यह एपिसोड उनके पहले रेस्टोरेंट की स्थापना, वहां की चुनौतियों और खुशी के पलों को दर्शाएगा।
शेफ संजीव कपूर ने अपने खाने से कई लोगों का दिल जीता है। उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट कैटरिंग एंड न्यूट्रिशन, पूसा, नई दिल्ली से होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया और 1984 में अपने करियर की शुरुआत की। 1992 में वह मुंबई के सेंटूर होटल के सबसे कम उम्र के एक्जीक्यूटिव शेफ बन गए थे। उन्होंने साल 1992 में एक टीवी शो की मेजबानी से लोकप्रियता हासिल की थी और घर-घर में नाम बनाया था। खास बात है कि यह टीवी शो 18 साल तक चला और 120 देशों में प्रसारित हुआ।
संजीव कपूर भारत और विदेशों में रेस्टोरेंट चेन के मालिक भी हैं। वे सोडेक्सो के पूर्व सीईओ और को-फाउंडर भी रह चुके हैं। संजीव कपूर ने 1998 में दुबई में अपना पहला रेस्टोरेंट खोला था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2025 6:04 PM IST